हिसार। गांव मय्यड़ में वीरवार को छह साल के एक बच्चे की गांव की पंचायती भूमि पर भरे बारिश के पानी में डूबने से मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया है जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
गांव मय्यड़ के सरपंच विकास कुमार ने बताया गांव निवासी आनंद का बेटा वंश (6) सुबह स्कूल गया, लेकिन छुट्टी होने के बाद भी घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसे ढूंढ़ना शुरू किया। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। इस दौरान एक फुटेज में वंश गांव के बाहर के हिस्से की ओर जाता देखा गया। इसके बाद बच्चे की लोकेशन देखते हुए लोग गांव के आखिरी हिस्से में पहुंचे जहां पंचायती जमीन पर करीब चार फीट पानी भरा था। बच्चे की लोकेशन इस जगह मिली। डूबने की आशंका में गांव के कुछ युवा पानी में उतरे और वंश की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद शव पानी से बरामद हो गया। बेटे का शव देखकर परिजन विलाप करने लगे। बड़ी संख्या में ग्रामीण सांत्वना देने घर पहुंचे। सरपंच ने प्रशासन से पीड़ित को आर्थिक मदद देने की मांग की है।