हांसी। दिल्ली रोड पर स्थित एसएस एम्पोरियो फूड एंड एंटरटेनमेंट में शनिवार शाम करीब 4 बजे सफाई करने सेफ्टी टैंक में उतरे दो सफाई कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई। होटल कर्मी दोनों को बेसुध हालत में नागरिक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों को बिना सुरक्षा उपकरण के ही सैफ्टी टैंक में उतार दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने भी मौका मुआयना किया। हालांकि देर रात तक परिजनों ने बयान दर्ज नहीं हो सके थे। ऐसे में किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया जा सका। शवों का पोस्टमार्टम रविवार को किया जाएगा।
सदर थाना एसएचओ सुमेर सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान गढ़ी गांव निवासी सोमबीर (26) व जमावड़ी निवासी वीरेंद्र (40) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि होटल में सैफ्टी टैंक की सफाई का काम चल रहा था। सबसे पहले सोमबीर टैंक में उतरा और जहरीली गैस के प्रभाव से बेहोश होकर अंदर ही गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए वीरेंद्र भी कुएं में उतरा, लेकिन वह भी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। दोनोंं को किसी तरह बेसुध हालत में टैंक से बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल ले गए।
डॉक्टर जगदीप ने बताया कि दोनों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। एसएस एम्पोरियो के संचालक श्याम सुंदर सैनी से इस बारे में संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन हो नहीं सका। एसएचओ ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर ही कार्रवाई करेंगे।