शहर के तोशाम रोड से राजगढ़ रोड तक बालसमंद नहर के साथ-साथ एक नया रोड बनाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी बीऐंडआर रोड के लिए एस्टीमेट तैयार कर रहा है। जल्द ही विभाग की तरफ से एस्टीमेट मंजूरी के लिए मुख्यालय भेज दिया जाएगा।
बता दें कि शहरवासी खासकर कैमरी रोड स्थित विभिन्न कॉलोनी के निवासी काफी समय से बालसमंद नहर के साथ नया रोड बनाए जाने की मांग कर रहे थे। लोगों की मांग को देखते हुए डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने इस रोड को बनाने की घोषणा की थी।
तीन किलोमीटर लंबा होगा यह रोड
इस रोड की लंबाई करीब तीन किलोमीटर और चौड़ाई करीब साढ़े पांच मीटर होगी। यह रोड बिटुमिन (तारकोल) से बनाया जाएगा। फिलहाल कैमरी रोड फाटक से राजगढ़ रोड तक ब्लॉक से यह रोड बना हुआ है। बीऐंडआर ने बिजली निगम व वन विभाग से एस्टीमेट मांगा है। क्योंकि इस रोड के किनारे काफी संख्या में बिजली के खंभे हैं, जिन्हें रोड बनने की वजह से शिफ्ट करना पड़ेगा। वहीं काफी पेड़ भी हैं, जिन्हें काटना पड़ेगा।
सरकारी जमीन पर बनेगा रोड, नहीं आएगी अड़चन
बालसमंद नहर के साथ-साथ जिस जगह यह रोड बनाया जाएगा, वह सरकारी जमीन है। इस कारण से इस रोड को बनने में किसी भी तरह की परेशानी नहीं आएगी। चूंकि जमीन का मालिकाना हक सिंचाई विभाग के पास है तो उससे भी एस्टीमेट मांगा गया है।
यह रहेगी पूरी प्रक्रिया
एस्टीमेट मंजूर होने के बाद प्रोजेक्ट की डिटेल्ड नोटिस इनवाइटिंग टेंडर (डीएनआईटी) तैयार की जाएगी और इसे मंजूर कराया जाएगा। इसके बाद टेंडर लगाया जाएगा। टेंडर फाइनल होने के बाद रेट अप्रूव्ड कराए जाएंगे और सबसे आखिर में वर्क अलॉट किया जाएगा। वर्क अलॉटमेंट के बाद ठेकेदार को काम शुरू करना होता है।
30 हजार आबादी को होगा फायदा
इस रोड के बनने से बालसमंद नहर पार स्थित दर्जन भर कॉलोनियों की करीब 30 हजार की आबादी को फायदा होगा। अभी राजगढ़ रोड या तोशाम रोड से अगर किसी व्यक्ति को नहर पार इन कॉलोनियों में जाना है तो उसे साउथ बाईपास होकर जाना पड़ता है और इस रोड पर वाहनों की संख्या काफी ज्यादा है। खासकर भारी वाहनों की आवाजाही काफी ज्यादा है। नया रोड बनने से उनकी इस समस्या का समाधान हो जाएगा।
रोड का एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। एस्टीमेट तैयार होते ही मुख्यालय में इसे मंजूरी के लिए भेजा जाएगा
- जय सिंह, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी बीऐंडआर
इस रोड को बनाने की मांग काफी समय से की जा रही थी। इस रोड के बनने से कई कॉलोनियों के लोगों को फायदा होगा।
- डॉ. महेंद्र जुनेजा, पार्षद, वार्ड 17