हिसार। सात माह बीत जाने के बाद आखिरकार खेल विभाग की ओर से जिले के खिलाड़ियों के लिए एक माह की 35 लाख रुपये डाइट राशि जारी की गई है। अभी खिलाड़ियों के खाते में राशि आने में करीब एक सप्ताह का समय और लग जाएगा। खेल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक नर्सरी में अभ्यास करने वालों खिलाड़ियों की सिर्फ अप्रैल माह की ही डाइट राशि जारी की गई है।
जिले में अप्रैल से खेल नर्सरियां शुरू हुई थी। जिले में विभाग की ओर से 101 खेल नर्सरियां चल रही हैं। इन नर्सरियों में प्रशिक्षण लेकर खिलाड़ियों ने जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर पर पदक जीते मगर डाइट राशि के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। समस्या के लिए खिलाड़ियों ने कोच से लेकर विभाग के आलाधिकारियों के समक्ष गुहार लगाई। अधिकारियों की ओर से खिलाड़ियों को एक ही जबाव मिलता रहा कि आपकी हाजिरी भेजी जा चुकी है। अब मुख्यालय ही आपके खाते में डाइट राशि भेजेगा।