हिसार। थाना सदर पुलिस ने ड्यूटी में बाधा डालकर पुलिस कर्मियों पर हमला करने के मामले में मंगलवार को गांव पीरावली निवासी हरदीप उर्फ लवली को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरदीप उर्फ लवली 10 हजार रुपए का इनामी वांछित अपराधी है। राजस्थान पुलिस के हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज तीन केसों में 10 हजार का इनामी वांछित अपराधी है। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
जांच अधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि 23 सितंबर को पुलिस ने सूचना के आधार पर आरोपी हरदीप उर्फ लवली को काबू किया। पुलिसकर्मी जब उसे काबू करने पर वह से चिल्लाने लगा। पुलिस ड्यूटी में बाधा डालते हुए गांव के कुछ लोगों ले आरोपी को मौके से भगा दिया। इस मामले के बारे में थाना सदर हिसार में कुछ नामजद और अन्य के खिलाफ थाना सदर हिसार में प्राथमिकी दर्ज की थी।
पांच हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
हिसार। थाना उकलाना पुलिस ने दहशत फैलाने के इरादे से हवाई फायर करने के मामले में 5 हजार रुपये के इनामी अपराधी भजन सिंह निवासी कल्लर भैणी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध पिस्तौल भी बरामद की है। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता विकास ने बताया कि थाना उकलाना में कल्लर भैणी निवासी निरंजन की ओर शिकायत दी थी। इसमें उन्होंने बताया कि 28 नवंबर 2024 की शाम वह अपने परिवार के साथ घर पर स्पीकर बजाकर नाच रहे थे। उसी दौरान भजन सिंह वहां आया और डराने-धमकाने के इरादे से हवाई फायर कर मौके से चला गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना उकलाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी मामले में आरोपी को 4 जून 2025 को 5,000 का इनामी वांछित अपराधी घोषित किया गया था।