हिसार के रोडवेज परिसर में खड़ी सिटी बस।
हिसार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार को प्रस्तावित जींद दौरे के मद्देनजर हिसार में संचालित सिटी बस सेवा प्रभावित रहेगी। रोडवेज प्रशासन ने सिटी बस सेवा की चार इलेक्ट्रिक बसों को जींद भेजने और पांचवीं बस को आरक्षित रखने का निर्णय लिया है। ऐसे में शनिवार को शहरवासियों को सिटी बस सेवा का लाभ नहीं मिल पाएगा।
रोडवेज के यातायात प्रबंधक प्रीतम सिवाच ने बताया कि फिलहाल बैटरी से चलने वाली चार बसों को जींद भेजने की तैयारी की गई है। वहीं रोडवेज संचालन विभाग और कार्यशाला सूत्रों के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर सामान्य बसों को भी भेजा जा सकता है। इसके लिए मामूली मरम्मत वाली बसों को भी दुरुस्त किया गया है।
सिटी बस सेवा बंद रहने से यात्रियों को टेंपो और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ेगा, जिससे अतिरिक्त किराया देना होगा। यात्रियों रमेश, प्रमोद, प्रमिला, रोशनी, सुरेश, मनोज और विजय ने रोडवेज प्रबंधन से वैकल्पिक बस व्यवस्था करने की मांग की है।