फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवक की मौत पर नरवाना-पटियाला हाईवे जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
नरवाना (जींद)। गांव बेलरखां के पास युवक की ट्रक के नीचे दबने से मौत और ट्रक चालक द्वारा शव को घटना स्थल से कुछ दूरी पर माइनर पर घास फूस के नीचे दबाने पर ग्रामीणों ने बुधवार को जमकर बवाल काटा। गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नरवाना-पटियाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेड़ काटकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पाकर सदर थाना प्रभारी सुरेशपाल मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने एक न सुनी। बाद में नायब तहसीलदार रणधीर सिंह, डीएसपी रामेश्वर लांबा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस पर साढ़े पांच घंटे बाद ग्रामीण जाम खोलने को सहमत हो गए। जाम के कारण यात्रियों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ी संख्या में वाहन फंस गए।
विज्ञापन

गांव बेलरखां निवासी धर्मबीर (24) मंगलवार को खेत में पानी देने गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह धर्मबीर का शव धरौदी माइनर पर राष्ट्रीय राजमार्ग से कुछ दूरी पर घास फूस के नीचे दबा मिला। शव पर पेड़ की टहनियां तोड़कर डाली गई थी। कुछ दूरी पर धर्मबीर का साइकिल टूटा हुआ पड़ा था। घटना स्थल पर मंगलवार रात को ट्रक पलट गया था। रात को ही क्रेन की सहायता से ट्रक चालक ट्रक को उठाकर ले गए। बताया जाता है कि धर्मबीर की मौत ट्रक के नीचे आकर हुई थी। आरोप है कि ट्रक चालक ने शव को धरौदी माइनर के पास घास फूस में छिपा दिया। टूटी हुई साइकिल को शव से करीब छह सौ फीट दूर फेंक दिया।
ग्रामीणों को बुधवार सुबह घटना के बारे में पता चला तो वे धरौदी माइनर पर पहुंचे और पेड़ों को काटकर ट्रैक्टर ट्रालियां आड़ी तिरछी खड़ी कर नरवाना-पटियाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि धर्मबीर की मौत ट्रक के नीचे दबकर हुई है। चालक ने क्रेन की सहायता से ट्रक को सीधा कर शव को छुपा दिया और क्षतिग्रस्त साइकिल को कुछ दूरी पर फेंककर ट्रक को लेकर फरार हो गया। ग्रामीणों ने मांग की कि ट्रक का सुराग लगाकर चालक को गिरफ्तार किया जाए। जाम लगने की सूचना पाकर सदर थाना प्रभारी सुरेशपाल, नायब तहसीलदार रणधीर सिंह मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें