शहरी निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि हिसार प्रदेश में शिक्षा का हब बन चुका है। चार विश्वविद्यालयों वाला यह शहर इंटरनेशनल लेवल पर अपनी पहचान बना चुका है। महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा बनने के बाद यहां के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर प्राप्त हाेंगे। एयर एवियेशन हब के तौर पर हिसार को विकसित किया जा रहा है। जिसमें अग्रोहा को ग्लोबल सिटी के तौर पर बसाया जाएगा। जो विश्व के चुनिंदा शहरों में शामिल होगा। अंत में विद्यार्थियों से डॉ. कमल गुप्ता के सानिध्य में देश सेवा और समाज सेवा का संकल्प लिया।
यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. पुनीत गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ओएसजीयू शिक्षा के क्षेत्र में पिछले 4 वर्षों से बेहतरीन योगदान दे रही हैं। हजारों युवाओं को शिक्षित कर उन्हें रोजगार प्राप्त करने में सक्षम बनाकर कर एक नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि डिग्री पूरी होने के बाद आपके साथ हमारा रिश्ता समाप्त नहीं होगा बल्कि आज से नए रिश्ते की शुरुआत हो रही है। आप इस यूनिवर्सिटी के ब्रांड एंबेसडर के तौर पर देश-विदेश में पहचान बनाएंगे। विश्वविद्यालय हमेशा आपके साथ रहेगा।
कुलपति डाॅ. एनपी कौशिक ने विश्वविद्यालय की प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। यूनिवर्सिटी की उपलब्धियों का जिक्र किया। प्रति कुलपति डाॅ. अजय पोदार ने बताया कि विद्यार्थियों की मेहनत व लगन का परिणाम है। अपने सपनों को पूरा करने के लिए दिन रात मेहनत के साथ काम करें। अपने लक्ष्य को हासिल करने तक न रुकें।
9 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल
दीक्षांत समारोह में 9 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। जिसमें एमसीए की छात्रा कमलेश, बीएससी एग्रीकल्चर औंकारी सौंदर्या, बीटेक की सांची, बीएससी रेडियोलाॅजी की योगिता को गोल्ड मेडल प्रदान किए गए। इसके अलावा एमएससी की छात्रा अंजू देवी, एमबीएस से चंद्रिका चौहान, बी फार्मेसी से सचिन पिलानिया, बीएड से कविता को गोल्ड मेडल के लिए चुना गया। यह सभी विद्यार्थी 2019 से 2021 बैच के थे।