हिसार। हरियाणा रोडवेज हिसार डिपो के लिए यह राहत भरी खबर है। अब हिसार रोडवेज के बेड़े में 9 नई बसें शामिल की जाएंगी। निदेशालय से इसकी मंजूरी मिल चुकी है।
हिसार रोडवेज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को निदेशालय के उच्च अधिकारियों ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये प्रदेश के सभी डिपो के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में हिसार डिपो को 9 नई बसें शामिल करने की जानकारी दी गई।
निदेशालय द्वारा मार्च महीने में 9 नई बसें हिसार डिपो में भेजी जाएंगी। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि बस आने के बाद ही इनके रूट निर्धारित किए जाएंगे। फिलहाल हिसार रोडवेज डिपो में कुल 220 बसें हैं। कोरोना काल में स्कूल-कालेज व विश्वविद्यालय बंद होने के कारण कई रूटों पर बसें बंद कर दी गई हैं। इससे पहले 200 से ज्यादा बसें रूटों पर दौड़ती थी। फिलहाल करीब 180 बसें ही ऑन रूट हैं। उम्मीद है कि ये 9 नई बसें ग्रामीण रूटों पर चलाई जाएंगी। अगर ये 9 नई बसें ग्रामीण रूटों पर चलेंगी तो विद्यार्थियों को इसका सबसे ज्यादा फायदा होगा।
रोडवेज अधिकारियों की अपील
कोरोना महामारी की तीसरी लहर के कारण रोडवेज अधिकारियों ने सवारियों से अपील की है कि बसों में चढ़ने से पहले सवारियां कोविड गाइडलाइन का पालन करें। ड्राइवर व कंडक्टर का सहयोग करें। रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने कहा कि बस स्टैंड परिसर पर आने से पहले सभी सवारियां मास्क पहनें। उचित सामाजिक दूरी बनाएं रखें। बस स्टैंड पर इधर-उधर न थूकें।
हिसार डिपो में 9 नई बसों को शामिल करने की निदेशालय से मंजूरी मिल गई है। मार्च माह में बसें हमारे डिपो में आ जाएंगे। बस आने के बाद ही जरूरत के अनुसार रूट निर्धारित किए जाएंगे। - अनिल चोपड़ा, यातायात प्रबंधक, रोडवेज हिसार