अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
कृषि एवं पशुपालन मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ और सहकारिता राज्यमंत्री मनीष कुमार ग्रोवर 23 फरवरी को एचएयू में शिरकत करेंगे। किसानों ने अपने असहयोग आंदोलन के तहत सरकारी आयोजन का बहिष्कार करते हुए एचएयू के चारों गेट पर प्रदर्शन का एलान किया है। किसानों ने कहा कि मंत्रियों को गेट के अंदर नहीं घुसने देंगे।
प्रदेश के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ 23 फरवरी को 11 बजे चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में स्टेक होल्डर एग्रीकल्चर मीट-2018 में शिरकत करेंगे। सहकारिता, प्रिंटिंग, स्टेशनरी और शहरी स्थानीय निकाय विभागों के राज्यमंत्री मनीष कुमार ग्रोवर भी हकृवि में सुबह 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। संघर्ष समिति के प्रधान कुरड़ाराम नंबरदार ने प्रदेश के कृषि मंत्री ओपी धनखड़ पर किसान विरोधी होने और वादों से मुकरने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री ने तीन वर्ष पहले भी पानी देने का किसानों से वादा करते हुए धरना समाप्त कराया था। तीन वर्ष बाद भी किसानों की मांग पूरी नहीं हुई। इसके विपरीत कृषि मंत्री बेशर्मी से अब हिसार में किसानों के कार्यक्रम में आ रहे हैं। यह किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने के समान है। किसान इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेंगे। शुक्रवार को एचएयू के चारों गेटों पर हजारों किसान धरना देते हुए कृषि मंत्री सहित अन्य मंत्रियों का विरोध जताएंगे। जब तक सरकार उनकी मांग को पूरा नहीं करती, किसान किसी भी मंत्री का हिसार में कोई कार्यक्रम नहीं होने देंगे।
---------------------------------
क्रमिक अनशन पर बैठीं महिला किसान
संयुक्त जल संघर्ष समिति के बैनर तले लघु सचिवालय पर वीरवार को 39वें दिन भी जारी रहा। महिला किसान शांति देवी, शकुंतला धीरणवास, संतरो, सावित्री न्योली कलां, हरिसिंह गोस्वामी, ईश्वर कस्वां, केदार सिंह, रामफल भिवानी रोहिला क्रमिक अनशन पर बैठे। इस मौके पर वीरेंद्र पूनिया, बनवारी नहरा, गुलाब झाझड़िया, राजपाल लौरा, महाबीर सहारण, रामबीर न्योली, सतबीर आदि मौजूद रहे।
ओपी धनखड़ और मनीष ग्रोवर आज एचएयू में, किसान बोले - नहीं घुसने देंगे
- किसानों ने असहयोग आंदोलन के चलते लिया फैसला
-दो सप्ताह नहरी पानी की मांग पर 37 दिन से धरने पर बैठे हैं किसान