हिसार। ढाणी रायपुर समीप 220 केवी का सब-स्टेशन के बंद होने व अंधड-बारिश के कारण सोमवार को 55 फीसदी बिजली के खंभे व ट्रांसफार्मर दुरुस्त नहीं किए जा सके। जिस कारण शहर के 40 क्षेत्रों में सोमवार को 1-1 घंटे के बिजली कट लगते रहे, जिससे डेढ़ लाख से अधिक आबादी को परेशानी झेलनी पड़ी।
बिजली निगम की ओर से उपरोक्त समस्याओं से निपटने के लिए समीपवर्ती फीडरों से बिजली सप्लाई दी जा रही है लेकिन ओवरलोड बढ़ने के कारण दिनभर बार-बार बिजली कट से आमजन को खास राहत नहीं मिल पाई। सोमवार सुबह 12 बजे के बाद से ही शहर में बिजली कट लगने शुरू हो गए।
दूसरी ओर बिजली निगम में 1200 से अधिक शिकायतें दर्ज की गई। शहरवासियों ने व्हाट्सएप ग्रुपों पर बिजली निगम के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। साथ ही आरोप लगाया कि अधिकारी फोन तक रिसीव नहीं कर रहे हैं। बता दें कि बीते दो दिन से ढाणी रायपुर समीप 220केवी का सब-स्टेशन में बालसमंद ब्रांच का पानी भरा हुआ, जिससे शहर के 50 फीसदी हिस्से सहित 15 गांवों में हर 30 मिनट के बिजली कट लग रहे हैं। बता दें कि बीते दो दिन पहले अंधड-बारिश के कारण 473 बिजली के खंभे व 53 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए थे।
ये गांव और शहरी क्षेत्र रहे प्रभावित
गांव मिर्जापुर, धांसू, रायपुर, रायपुर ढाणी, शिकारपुर, नियाना, ढाणी कुतबपुर, लालपुरा, खरड़, अलीपुर व खोखा सहित 15 गांवों में बिजली सप्लाई बाधित है। इसके अलावा नई अनाज मंडी, ऑटो मार्केट, बैंक कॉलोनी, सेक्टर 14, सत्या नगर, तायल गार्डन, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, बस स्टैंड, बुधला संत मंदिर, सेक्टर-33, सेक्टर 1-4, सेक्टर 4, सेक्टर-5, सूरजमल इन्क्लेव, सेक्टर 1, बीड़, आजाद नगर, ऑटो मार्केट, पठाना मौहल्ला, नागोरी गेट, राजगढ़ रोड, बडवाली ढाणी, सैनियान मोहल्ला, कुंजलाल गार्डन, बक्शी नगर, शांति नगर, जलेबी चौक, उत्तम नगर, योग नगर, दिल्ली गेट, सिटी थाना रोड, डोगरान मौहल्ला, नागोरी गेट, मुलतानी चौक, जलेबी चौक, मिल गेट, 12क्वार्टर, तेल डिपो फाटक रोड, संत निरंकारी रोड, डाबड़ा चौक, पुष्पा कॉम्पलेक्स, पीएलए मार्केट, न्यू मॉडल टाउन, न्यू मॉडल टाउन एक्सटेंशन, जहाजपुल चौक, भगत सिंह चौक, गांधी चौक, छबीलदास गली सहित सटे क्षेत्र प्रभावित रहे।
बिजली के खंभे व ट्रांसफार्मर को दुरुस्त करने का कार्य चल रहा है। 45 फीसदी को दुरुस्त किया जा चुका है। शेष पर काम चल रहा है। 220केवीआईए पावर हाउस चालू नहीं किया जा सका है। जिस कारण 1 से डेढ़ घंटे के बिजली कट लगाए जा रहे हैं। - ओमबीर, एसई, ऑपरेशन शाखा, हिसार सर्कल, हिसार।