हिसार। ठोस कचरा निस्तारण संयंत्र (सॉलिड वेस्ट प्लांट) के लिए बीड़ बबरान-श्यामसुख रोड पर स्थित राजकीय पशुधन फार्म (जीएलएफ) की 55 एकड़ 6 कनाल 16 मरले जमीन फाइनल हो गई है। प्रदेश सरकार की तरफ से इस जमीन की सहमति मिल चुकी है और अब केवल औपचारिक पत्र का इंतजार है।
नगर निगम बदले में जीएलएफ को ढंढूर डंपिंग स्टेशन की 45 एकड़ जमीन देगा। इस संयंत्र में ठोस कचरे का पूरी तरह से निस्तारण किया जाएगा, जबकि गीले कचरे से सीएनजी (बायो गैस) तैयार की जाएगी। इसके लिए नगर निगम और गेल कंपनी के बीच समझौता भी हो चुका है।
नगर निगम प्रशासन के पास अभी तक ठोस कचरे के निस्तारण के लिए सॉलिड वेस्ट प्लांट नहीं था। शुरुआत में ढंढूर स्थित डंपिंग स्टेशन पर प्लांट लगाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन यह जमीन एयरपोर्ट के दायरे में आने के कारण रद्द करनी पड़ी। इसके बाद चौधरीवास व काजला में भी जगह चिन्हित की गई, लेकिन पंचायत जमीन होने और ग्रामीणों के विरोध के कारण इसे फाइनल नहीं किया जा सका। अन्य विकल्पों में चिकनवास, चिकनवास-ठसका रोड और बीड़ बबरान-श्यामसुख रोड की जमीन देखी गई, जिनमें से बीड़ बबरान-श्यामसुख रोड की जमीन को फाइनल कर मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा गया।
सीएनजी प्लांट की योजना
ठोस कचरा निस्तारण संयंत्र की करीब 15 एकड़ जमीन पर सीएनजी प्लांट लगाया जाएगा। यहां पहुंचने वाले गीले कचरे और गोबर से सीएनजी तैयार की जाएगी। वर्तमान में शहर से प्रतिदिन लगभग 210 मीट्रिक टन कचरा निकलता है, जिसे ढंढूर स्थित 32 एकड़ की प्रोसेसिंग प्लांट में भेजा जा रहा है।
क्लस्टर स्तरीय संयंत्र
यह संयंत्र क्लस्टर स्तरीय होगा और इसके तहत 11 निकायों के कचरे का निस्तारण होगा। इन निकायों में हिसार, हांसी, बरवाला, उकलाना, नारनौंद, आदमपुर, सिवानी, फतेहाबाद, टोहाना, रतिया और भूना शामिल हैं।
स्वच्छता सर्वेक्षण में भी शामिल हैं अंक
केंद्र सरकार के हर साल के स्वच्छता सर्वेक्षण में सॉलिड वेस्ट प्लांट के अंक भी शामिल हैं। प्लांट न होने के कारण नगर निगम के अंक कटते हैं, जिससे रैंकिंग में नुकसान उठाना पड़ता है। इस योजना के सिरे चढ़ने से सर्वेक्षण में शहर की रैंकिंग में सुधार होगा।
ठोस कचरा निस्तारण संयंत्र के लिए 55 एकड़ जमीन के लिए सरकार की तरफ से सहमति मिल गई है। अब सिर्फ पत्र का इंतजार है। इस संयंत्र के बनने से न सिर्फ नगर निगम हिसार, बल्कि आसपास की निकायों को भी फायदा होगा।
- नीरज, निगमायुक्त।