हांसी। उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि जिले की सभी सात अनाज मंडियों में धान की खरीद सुचारू रूप से चल रही है। अब तक 71 किसानों से 519 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है।
वह वीरवार को जिला सचिवालय सभागार में धान खरीद व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए प्रत्येक मंडी में एक क्लास-वन अधिकारी की ड्यूटी लगाई जाएगी जो खरीद प्रक्रिया, फसल उठान और किसानों को उपलब्ध सुविधाओं की निगरानी के साथ उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें तथा खरीद और उठान में किसी प्रकार की देरी न हो। पिछले वर्ष मंडियों में करीब 20 हजार मीट्रिक टन धान की आवक हुई थी जबकि इस वर्ष करीब 22 हजार मीट्रिक टन आवक की संभावना है। सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। हांसी, नारनौंद, घिराय, बास, लोहारी राघो, खेड़ी जालब तथा सिसाय अनाज मंडियों में खरीद जारी है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए खरीद व्यवस्था और किसानों से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में एलडीएम राजेश जिंदल, डीएफएससी अनुराधा, डीएम पुनीत पंघाल व हरीश शर्मा, प्रबंधक रविंद्र कुमार, राइस मिलर सुशील लांबा आदि मौजूद रहे।
उठान में तेजी के निर्देश
उपायुक्त ने बताया कि खरीदी गई फसल के उठान को मंजूरी दे दी गई है। संबंधित एजेंसियां खरीद के साथ ही उठान में तेजी लाएं, ताकि मंडियों में पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहे और किसानों को फसल उतारने में परेशानी न हो। लोहारी राघो, सिसाय और खेड़ी जालब मंडियों में धान की खरीद हैफेड, जबकि अन्य मंडियों में हरियाणा वेयरहाउस कॉरपोरेशन कर रहा है।