बास। गांव बास आजमशाहपुर निवासी एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी से मोबाइल टाॅवर लगवाने का झांसा देकर 48 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना हांसी में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच संदीप कुमार के अनुसार, बास आजमशाहपुर निवासी मुकेश शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 जनवरी को उन्होंने गूगल पर मोबाइल टाॅवर लगाने संबंधी एक विज्ञापन देखा था। इसके बाद उन्होंने वेबसाइट पर जाकर टाॅवर लगाने के लिए ऑनलाइन फार्म भर दिया। दो दिन बाद उनके मोबाइल पर दो नंबरों से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को इंडस टावर कंपनी का प्रतिनिधि बताया और जल्दी टावर लगवाने के नाम पर 30 हजार रुपये जमा कराने को कहा। 17 जनवरी को उन्होंने बताए गए बैंक के खाते में 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद 20 जनवरी को दोबारा कॉल आई और कोर्ट से अथॉरिटी लाइसेंस बनवाने के नाम पर 18 हजार रुपये और मांगे गए। इस पर उन्होंने 20 जनवरी को एक अन्य खाते में 10 हजार रुपये और 21 जनवरी को 8 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिन बाद उन्हें ठगी का शक हुआ तो उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवा दी।