हिसार। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों का सीधा निपटारा करने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा विकसित सी-विजिल ऐप प्रभावशाली साबित हो रहा है। सी-विजिल एप के माध्यम से अब तक जिले में 451 शिकायतें मिली हैं, जिनमें से 380 शिकायत सही मिलने पर समाधान कर दिया गया।
इसके अलावा भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों को पूरा न करने वाली 71 शिकायतों को ड्रॉप किया गया। सी-विजिल मामलों के नोडल अधिकारी कुलभूषण बंसल ने बताया कि सोमवार को एप पर 19 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनका निर्धारित समय में समाधान किया गया, एक शिकायत को निर्धारित मानकों के पूरा न करने चलते ड्रॉप किया गया। उन्होंने बताया कि 19 शिकायतों में विधानसभा क्षेत्र हिसार से 9, विधानसभा क्षेत्र उकलाना से 5, विधानसभा क्षेत्र हांसी से 2, विधानसभा क्षेत्र नारनौंद व बरवाला से एक-एक शामिल है।
एमसीएमसी कमेटी की अनुमति बिना नहीं चलाए जा सकते चुनावी विज्ञापन
हिसार। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव की प्रक्रिया के दौरान सोशल मीडिया, केबल संचालक और सिनेमा हॉल संचालक एमसीएमसी कमेटी के प्रमाण पत्र के बगैर चुनाव से संबंधित विज्ञापन का प्रसारण नहीं कर सकते। बिना अनुमति के चुनावी विज्ञापन का प्रसारण करने पर केबल संचालक के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों की अनुपालना में जिला स्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) का गठन किया गया है और उप निदेशक-कम-जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी हिसार को इस कमेटी का सदस्य सचिव बनाया गया है। जिले के सभी केबल संचालकों को एमसीएमसी के माध्यम से समय-समय पर दिए जाने वाले निर्देशों का पालन निर्धारित समय पर करना जरूरी है। एमसीएमसी कमेटी केबल चैनलों की गहनता से मॉनिटरिंग कर रही है और केबल पर चलने वाले प्रत्येक विज्ञापन पर कड़ी नजर रख रही है।