हिसार। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं 30 मार्च से शुरू होंगी। इन परीक्षाओं के लिए एचबीएसई द्वारा हिसार में 128 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। जिनमें 34 परीक्षा केंद्र सिर्फ 10वीं कक्षा के लिए हैं बाकी 94 परीक्षा केंद्र दोनों कक्षा के लिए बनाए हैं। दोनों कक्षाओं में जिले के 9 खंडों के 27228 विद्यार्थी परीक्षाएं देंगे। इनमें दसवीं कक्षा के 15444 विद्यार्थी व 12वीं कक्षा के 11784 विद्यार्थी शामिल हैं।
वहीं जिला शिक्षा विभाग ने नकल रहित परीक्षा आयोजित करवाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। जिला शिक्षा विभाग ने अलग-अलग टीमों का गठन कर करके ड्यूटी निर्धारित कर दी है। पिछले साल जिन परीक्षा केंद्रों पर सबसे ज्यादा नकल के मामले सामने आए थे उन परीक्षा केंद्रों को चिन्हित कर लिया गया। नकल रहित परीक्षा के आयोजन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों की दरवाजे व खिड़कियां ठीक करवाई जा रही हैं।
सीबीएसई के 12918 विद्यार्थी देंगे परीक्षा
सीबीएसई की 10वीं व 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 26 अप्रैल से शुुरू होंगी। हिसार जिले में 109 सीबीएसई स्कूलों में 10वीं व 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे 12918 विद्यार्थी इस बार ऑफलाइन परीक्षाएं देंगे। सीबीएसई द्वारा निर्धारित की गई गाइडलाइन के अनुसार ही परीक्षा होगी। पहले की तरह स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा व विद्यार्थियों को नियमानुसार ही परीक्षा केंद्र अलॉट किए जाएंगे। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रश्नपत्र का पेट्रन सीबीएसई बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। इसी के आधार इन परीक्षाओं का प्रश्नपत्र आएगा।
जिले में सीबीएसई स्कूल 109
10वीं कक्षा के विद्यार्थी 7384
12वी कक्षा के विद्यार्थी 5534
10वीं व 12वीं कक्षा की परीक्षा आयोजित करने के लिए परीक्षा केंद्र बना दिए गए हैं। नकल रहित परीक्षा करवाने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है। मेरी सभी विद्यार्थियों से अपील है कि वे परीक्षा में नकल न करें। बचे दिनों में विद्यार्थी मन लगाकर पढ़ाई करें। परीक्षा केंद्रों पर सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। नकल रहित परीक्षा के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन व ग्राम पंचायत का विशेष सहयोग लिया जाएगा। - कुलदीप सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी हिसार