अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जिन लोगों की गुंडागर्दी के कारण छात्र संघ के चुनाव बंद हुए वही लोग आज छात्र संघ चुनाव की मांग कर रहे हैं। छात्र संघ चुुनाव जरूर होने चाहिएं लेकिन शिक्षण संस्थानों में माहौल नहीं बिगड़ना चाहिए।
सुशीला भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि चौधरी बंसीलाल की सरकार के समय चुुनाव बंद किए गए थे। आज जो लोग छात्र संघ के चुनाव की मांग कर रहे हैं उनकी गुंडागर्दी के कारण चुनाव बंद हुए थे। ऐसे लोग फिर से हरियाणा में माहौल खराब करा सकते हैं। हम भी छात्र संघ चुनाव का समर्थन करते हैं। दिल्ली, राजस्थान सहित अन्य राज्यों में चुनाव होते हैं तो हरियाणा में भी छात्र संघ चुनाव होने चाहिएं। भाजपा ने इसके लिए चुनावी घोषणा पत्र में मांग भी की थी। अगर चुनाव हुए तो एनएसयूआई मैदान में उतरेगी। चुनाव के नाम पर हरियाणा में शिक्षण संस्थानों में माहौल खराब न हो यह तय करना सरकार की जिम्मेदारी है। कुछ लोग धरने पर बैठकर यूनिवर्सिटी कॉलेज बंद कराने की बात कर रहे हैं। हमने 27 यूनिवर्सिटी अपने दस साल में खोली थी। एनएसएयूआई के प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा ने कहा कि एक ऐसी पार्टी है जो छात्र संघ से लेकर सभी बड़े पद अपने परिवार को लोगों को ही देती है।
जिनकी गुंडागर्दी के कारण चुनाव बंद हुुए वही कर रहे चुनाव की मांग
-दीपेंद्र हुड्डा ने इनसो के अनशन पर किया कटाक्ष