अग्रोहा। इन्फ्लुएंजा वायरस के संक्रमण पिछले तीन महीने से लगातार बढ़ रहा है। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रोजाना पांच से छह सैंपल आ रहे हैं। एक जनवरी से 13 मार्च के बीच 72 दिनों में कुल 168 सैंपल जांच के लिए आए। रैंडम तौर पर लिए गए इन सैंपल में से 28 में एच3एन2 इन्फ्लुएंजा की पुष्टि हो चुकी है। हिसार नागरिक अस्पताल से सोमवार को 10 सैंपल जांच के लिए भेजे।
इन दिनों खांसी, बुखार, सिर दर्द, बदन दर्द जैसे लक्षण वाले मरीज रोजाना अस्पताल पहुंच रहे हैं। मामले सामने आने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज के पीआरओ अंकित राय शर्मा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज पूरी तैयारी के साथ किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। फिलहाल हिसार के अलावा फतेहाबाद, सिरसा में इन्फ्लुएंजा वायरस के मरीजों के सैंपल महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जिनकी जांच रिपोर्ट प्रशासन को दी जा रही है। जनवरी से 2023 से अब तक 168 सैंपल आए, जिसमें हिसार से सबसे अधिक 115 सैंपल मिले।
एक जनवरी से 13 मार्च 2023 तक की मेडिकल रिपोर्ट
हिसार सिरसा फतेहाबाद अग्रोहा
कुल सैंपल 115 32 3 18
एच3एन2 23 4 00 01
आईएनएफबी 25 01 02 04
आईएनएफ एएंडबी 1 00 00 00
एच1 एनवन 5 01 01 00
रोजाना ओपीडी में आने वाले 400 में से 150 मरीज खांसी-जुकाम से ग्रस्त
नागरिक के फिजीशियन डॉ. ज्ञानेंद्र ने बताया कि मौसम में आ रहे बदलाव के कारण हर रोज वायरल खांसी-जुकाम, बुखार, गले में खरास, शरीर में दर्द आदि के मरीज बढ़ रहे हैं। 400 की ओपीडी में से 150 मरीज इन लक्षण के आ रहे हैं। जिन मरीजों में से कुछ में से कोरोना और एच3एन2 के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। उनकी जांच करवाई जा रही है। उन्हें मास्क पहनने और सामाजिक दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
नागरिक अस्पताल परिसर में खुले में संभावित सैंपल लिए जा रहे हैं। लक्षण वाले मरीजों को देखने के लिए अलग से कोई फ्लू क्लीनिक की व्यवस्था नही की गई है। सैंपल को जांच के लिए मेडिकल कॉलेज अग्रोहा भेजा जा रहा है। 24 घंटे बाद इन सैंपल की रिपोर्ट आती है।
अगर सिस्टम दिखें तो खुद को आइसोलेट रखें। भीड़ से बचने का प्रयास करें। अगर भीड़ में जाना पड़े तो मास्क का प्रयोग करें। हाथाें को सैनिटाइज करें। खुले में छींक या थूकें नहीं। बुुुजुर्ग खासतौर पर अपना ख्याल रखें। - डॉ. हरेंद्र, एसोसिएयट प्रो. माइक्रोबॉयोलाजी, महाराज अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा
हमने नागरिक अस्पताल में 8 बेड की क्षमता का आइसोलेशन वार्ड बना दिया है। संदिग्ध मरीजों के सैंपल की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। सोमवार को 10 मरीजाें के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। घबराने के बजाय सावधानी बरतने की जरूरत है। अगर लक्षण दिखाई दें तो तुरंत सैंपल देकर जांच कराएं। - डॉ. सुभाष खतरेजा, डिप्टी सिविल सर्जन, हिसार