हिसार। नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर मतगणना के लिए प्रशासन की तैयारियों लगभग पूरी हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अनीश यादव की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित वीसी हॉल में नगर निकाय चुनाव 2025 मतगणना की तैयारियों के लिए द्वितीय रेंडमाइजेशन प्रक्रिया करवाते हुए कर्मचारियों की मतगणना पार्टियां बना दी गई हैं। पहले रेंडमाइजेशन के तहत 159 कर्मचारियों की ड्यूटियां मतगणना के लिए लगाई गई हैं। अब अगले चरण में इन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के तहत कम्प्यूटरीकृत तरीके से मतगणना में ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों की मतगणना पार्टियां बना दी गई हैं। अब अगले चरण में मतगणना पार्टियों को टेबल अलॉट की जाएंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अनीश यादव ने बताया कि मेयर पद की मतगणना के लिए 16 टेबल, पार्षद पद के लिए 14 टेबल व नारनौंद नगर पालिका मतगणना के मद्देनजर 8 टेबल तय की गई हैं।
इसके अलावा दो-दो टेबल रिजर्व रखी गई हैं। एक आरओ के लिए व एक पोस्टल बैलेट पेपर की गिनती के लिए सुनिश्चित की गई है। बैठक में हिसार नगर निगम चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी हरबीर सिंह, नारनौंद नगरपालिका के रिटर्निंग अधिकारी मोहित महराणा, नगराधीश हरिराम, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी दीपक भारद्वाज उपस्थित रहे।