हिसार। शहर में बुधवार रात को आई बारिश से शहरवासियों को सिर्फ कुछ घंटों के लिए गर्मी से राहत मिली। वीरवार को दिन का तापमान में डेढ़ डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। इस कारण से दिन में झुलसाने वाली गर्मी से एक बार फिर से लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। हालांकि रात के तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। उधर, बुधवार रात को शहर में 1.3 एमएम बारिश दर्ज की गई।
बुधवार रात को आई बारिश की वजह से वीरवार सुबह मौसम में थोड़ी ठंडक दी। मगर जैसे-जैसे दिन बढ़ता गया, वैसे-वैसे सूर्य की तपिश बढ़ी गई। हालांकि इस दौरान भी आसमान में हल्के बादल छाए हुए थे। इसके अलावा बारिश के कारण उमस ने भी लोगों को परेशान किया। शाम को दिन ढलने के साथ ही लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकी। इस दौरान अधिकतम तापमान 43.0 व न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 41.5 व न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री और मंगलवार को अधिकतम तापमान 45.5 व न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस था।
कई जगह सीवरेज ओवरफ्लो तो कहीं ठहरा बारिश का पानी
तेल डिपो फाटक पार कीर्ति नगर में दो दिन से सीवरेज ओवरफ्लो है तो वहीं अर्बन एस्टेट-टू में बारिश का पानी जमा रहा। राहगीरों को आने-जाने में परेशानी होती रही। लोगों का कहना है कि कीर्ति नगर में दो दिन से सीवरेज ओवरफ्लो है। ऐसे में सड़क पर गंदा पानी बहने पर बीमारी का शिकार हो सकते हैं। यहां से आना-जाना भी दूभर हो चुका है। उधर, बुधवार शाम को हुई बारिश से निचले क्षेत्र में भी पानी भर गया।
पांच घंटे से बिजली अधिकारियों ने नहीं उठाए फोन
डोगरान मोहल्ले में तारों के नीचे लटकने से संबंधित समस्या का समाधान 10 दिन से बिजली कर्मचारी नहीं कर पाए हैं। उपभोक्ताओं ने पांच घंटे तक बिजली अधिकारियों के फोन नंबर मिलाए, लेकिन कोई कॉल रिसीव नहीं हुई। जेई, एसडीओ से लेकर एक्सईएन तक के नंबरों पर प्रयास किया गया। व्हाट्सएप ग्रुपों में भी उपभोक्ताओं की ओर से शिकायत डाली गई है। मगर कोई समाधान नहीं हुआ
डीसी से करेंगे बिजली निगम की शिकायत
डोगरान मोहल्ला के मामले में अब बिजली निगम की शिकायत उपभोक्ताओं द्वारा डीसी अशोक मीणा से की जाएगी। उपभोक्ताओं के अनुसार बार-बार अधिकारियों व कर्मचारियों को अवगत करवाने के बावजूद घरों के आगे लटक रहे तारों को ठीक नहीं किया गया है। अधिकारी खुद मानते हैं कि तारों की कसावट के लिए वहां पोल लगाना जरूरी है। मगर इस दिशा कोई कदम आगे नहीं बढ़े हैं। इसलिए अब डीसी के समक्ष शिकायत रखी जाएगी।
यहां यहां लगे कट
-- ऋषि नगर
-- पारिजात चौक
-- गणेश मार्केट
-- मोती बाजार
-- राजगुरु मार्केट
-- अर्बन एस्टेट
-- कृष्णा नगर
बिजली निगम की ओर से लगातार शहरवासियों को बिजली कटों से राहत दिलाने के लिए काम किया जा रहा है। कुछ लोड हमने शिफ्ट कर दिया है। उसके बाद स्थिति सुधरी है। अभी और सुधार में लगे हुए हैं।
- सतीश कुुमार, एक्सईएन, बिजली निगम