हिसार। हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (एचएयू) के कैंपस स्थित एक कार्यशाला में दो कर्मचारी शराब का सेवन करते पकड़े गए। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तुरंत दोनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया। साथ ही मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन भी कर दिया। यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि यूनिवर्सिटी में किसी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यूनिवर्सिटी प्रशासन के मुताबिक यूनिवर्सिटी की तरफ से गठित निगरानी कमेटी ने शनिवार को यूनिवर्सिटी के प्रत्येक कॉलेज में चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। इसी दौरान संपदा विभाग की कार्यशाला सी-1 में दो कर्मचारी फोरमैन सुभाष और कारपेंटर सुभाष चंद्र शराब पीते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। प्रारंभिक जांच में सरकारी अस्पताल ने शराब के सेवन की पुष्टि की है। इस मामले में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दोनों कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस बारे में यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. बीआर कंबोज ने बताया कि यूनिवर्सिटी परिसर में या यूनिवर्सिटी के बाहरी संस्थानों में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। उन्होंने यूनिवर्सिटी के टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ से पठन-पाठन व प्रशासनिक कार्यों के अलावा अन्य कार्यों में सम्मिलत न होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी कर्मचारी अनुशासनहीनता या किसी गैर-सरकारी कार्यों में लिप्त पाया गया तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।