हिसार। पूर्व सांसद एवं जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दुष्यंत चौटाला ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनावों में हार-जीत चलती रहती है। हमारी हार हुई है, लेकिन हौसला नहीं हारे हैं। इस हौसले को अपनी ताकत बना लो, सत्ता तुम्हारी होगी। अगले 100 दिन तक दोगुने जोश के साथ सभी कार्यकर्ता घर-घर जाएं और लोकसभा चुनावों में साथ देने के लिए हर मतदाता का आभार जताएं, चाहे उन्होंने किसी भी प्रत्याशी को वोट दिया हो। आभार जताने के बाद मतदाता से विधानसभा चुनावों के लिए जेजेपी का साथ देने की अपील करें। निश्चित ही अपील मतदाता सुनेगा और विधानसभा में जजपा प्रत्याशियों को जीत मिलेगी। दुष्यंत चौटाला सोमवार को अर्बन स्टेट स्थित आवास पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
दुष्यंत ने कहा कि मोदी की लहर थी और मतदाताओं ने नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए अपने वोट दिए। मतदाताओं ने प्रत्याशी को नहीं देखकर सिर्फ नरेंद्र मोदी को जिताया है। इस हार से कार्यकर्ताओं के हौसले में कोई कमी नहीं आई है और हम फिर उठेंगे, संघर्ष करेंगे और जीतेंगे। उन्होंने हिसार लोकसभा के समस्त कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि उनकी कड़ी मेहनत के कारण ही देशभर में आई मोदी की सुनामी के बावजूद करीबन तीन लाख वोट हासिल किए। उन्होंने इस दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को जो ड्यूटी या जिम्मेवारी सौंपी गई, उस जिम्मेवारी को उन्होंने बखूबी निभाया।
लोकसभा से अलग होता है विधानसभा चुनाव
दुष्यंत ने कहा कि लोकसभा का चुनाव विधानसभा चुनावों से बिल्कुल अलग होता है। विधानसभा चुनावों में मतदाता प्रत्याशी एवं प्रदेश हित की बात सोचता है। उन्होंने राजस्थान का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पर कांग्रेस की सरकार बने हुए छह माह भी नहीं हुए फिर भी मतदाताओं ने मुख्यमंत्री के बेटे सहित कई दिग्गजों को हरा कर मोदी को वोट दिए। इसी तरह हरियाणा में भी आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश का मतदाता भाजपा को नहीं बल्कि चौ. देवीलाल की नीतियों पर गठित हुई जननायक जनता पार्टी को सत्ता में लाएगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष जयपाल बांडाहेड़ी, विधायक अनूप धानक, पूर्व विधायक पूर्णसिंह डाबड़ा, शीला भ्याण, अनूप चानौत, अनु सूरा, तरूण जैन, सत्यवान बिचपड़ी, भरतसिंह बैनिवाल, ओमप्रकाश खरबला, कर्ण सिंह दैप्पल, बागवीर बैनिवाल, सुभाष टाक, कृष्ण गंगवा, गुलाब सिंह खेदड़, राजीव शर्मा, कृष्णा भाटी, रविंद्र सैनी, सुरेंद्र कौर खर्ब, वेद अग्रवाल, राजकुमार वाल्मीकि, रामकुमार भट्ट, राजेंद्र चुटानी, अमित बूरा, सज्जन लावट, रवि आहुजा, दलबीर धीरणवास सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।