अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। नगर निगम प्रशासन ने शहर की स्ट्रीट लाइटों की देखभाल की व्यवस्था को दो हिस्सों में बांट दिया है। अब सेक्टरों और बाकी शहर की स्ट्रीट लाइट अलग-अलग एजेंसियां संभालेंगी। सेक्टरों का जिम्मा जहां पृथ्वी सिंह एंड कंपनी को दिया गया है, वहीं बाकी शहर की स्ट्रीट लाइट एनडी इलेक्ट्रॉनिक्स देखेगी। जहां भी स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायत आएगी, वहां के लिए निर्धारित एजेंसी ही उस शिकायत के समाधान के लिए जवाबदेह होगी।
शहर में हैं 30 हजार स्ट्रीट लाइटें
इस समय शहर में करीब 30 हजार स्ट्रीट लाइटें लगी हुई हैं। इनमें से सेक्टरों में साढ़े छह हजार तो बाकी एरिया में साढ़े 23 हजार स्ट्रीट लाइटें हैं। एक ही एजेंसी के पास काम होने पर शहर बड़ा होने के कारण मरम्मत कार्य में दिक्कत आती है। शिकायतों का समय पर निपटान नहीं हो पाता है। इसलिए निगम प्रशासन ने दो एजेंसियों को जिम्मेदारी देने का फैसला किया। इससे ज्यादा फायदा सेक्टर वासियों को होगा। उनके लिए निर्धारित की गई एजेंसी के पास साढ़े 6 हजार स्ट्रीट लाइट ही होने के कारण उनकी शिकायत का जल्दी समाधान हो सकेगा।
इन नंबरों पर की जा सकेगी शिकायत
सेक्टर वासी अपने सेक्टर में खराब स्ट्रीट लाइट को ठीक करवाने के लिए 94162-39634, 94163-24638, जबकि शहर की अन्य कॉलोनियों के निवासी अपने क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट संबंधी शिकायत 89407-56013 और 89501-12365 नंबर पर दर्ज करवा सकेंगे। इसके अलावा नगर निगम कार्यालय के लैंडलाइन नंबर 01662-237001 व 237884 पर भी शिकायत दी जा सकती है। इन नंबरों पर सभी कार्य दिवस पर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक ही शिकायत ली जाएगी।
शहर में स्ट्रीट लाइटों की देखरेख के लिए दो एजेंसियों को जिम्मा दिया है। एक सेक्टरों में, जबकि दूसरी बाकी शहर में देखरेख करेगी। इससे शहरवासियों को लाभ मिलेगा।
आरडी शर्मा, इलेक्ट्रिकल जेई, नगर निगम