अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
कुंभा गांव के किसान के बेटे गौरव दलाल ने क्लैट में ऑल इंडिया लेवल पर 32वीं रैंक प्राप्त की है। गौरव की जिले के सबसे अच्छी रैकिंग है। गौरव ने करीब हाल ही में नेेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की परीक्षा में भी टॉप टेन में स्थान बनाया था।
अमर उजाला से बातचीत करते हुए गौरव दलाल ने बताया कि उनका सपना सुप्रीम कोर्ट का जज बनना है। अपने सपने को साकार करने के लिए वह जी तोड़ मेहनत करेंगे। गौरव दलाल के पिता धर्मबीर सिंह दलाल गांव कुंभा में खेती करते हैं। अपने बेटों को अच्छी शिक्षा दिलवाने के लिए धर्मबीर दलाल परिवार सहित हिसार सेक्टर 16 में रहने लगे। समय पर गांव में अपने खेत भी संभालने जाते है। पिछली साल गौरव के बड़े भाई भावेश ने भी क्लैट में 232वीं रैंक प्राप्त की थी। क्रॉस एंड क्लाइंब एकेडमी के निदेशक अशोक हुड्डा ने बताया कि गौरव दलाल का दाखिला नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी बंगलूरू में होना निश्चित हो गया है।
हिसार के ये छात्र भी रहे अव्वल
हिसार के ईशान जैन की ऑल इंडिया में 596वीं रैंक आई है। रवि श्योकंद ने 665वीं रैंक प्राप्त की है। मंजीत ने 697वीं रैंक हासिल की है। सिद्धार्थ गोयत की 1096, प्रीति बूरा की 1340वीं रैंक आई है। प्रत्येक वर्ष देश के टॉप 19 लॉ संस्थानों में 2300 विद्यार्थियों के दाखिले होते हैं। लाखों की संख्या में विद्यार्थी क्लैट की परीक्षा देते हैं। हिसार के छह विद्यार्थियों ने पहली सूची में रैंक प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है।
28 में सात विद्यार्थियों को मिली रैंक
क्लैट की तैयारी कराने वाली क्रॉस एंड क्लाइंब एकेडमी संचालक विश्वा नरवाल ने कहा कि क्लैट के लिए एकेडमी के 28 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा दी थी। इसमें सात स्टूडेंट्स का पहली सूची में स्थान हासिल किया है। नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की देश में सबसे बड़ा प्लेसमेंट मिलता है।