हिसार। उकलाना नगरपालिका चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया अंतिम चरण में है। चेयरपर्सन पद के लिए वीरवार तक केवल एक नामांकन दाखिल हुआ जबकि 16 वार्डों में पार्षद पद के लिए 11 उम्मीदवार मैदान में आ चुके हैं।
निर्वाचन अधिकारी एवं बरवाला के एसडीएम अश्वीर नैन ने बताया कि चेयरपर्सन पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी रीमा सैनी ने वीरवार को नामांकन किया। उकलाना नगर पालिका के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व चेयरमैन श्रीनिवास गोयल की पुत्रवधू निकिता गोयल को पार्टी प्रत्याशी बनाया है। वीरवार देर शाम निकिता गोयल के नाम का एलान होने पर उनके समर्थकों ने खुशी जाहिर की।
पार्षद पद के लिए वार्ड-3 से सरोज बाला, वार्ड-4 से सीमा गोयल, वार्ड-5 से राजीव, विकास कुमार जैन, विक्रम सिंह और सुमित भ्याना, वार्ड-6 से अमित कुमार, वार्ड-7 से अभयराम, वार्ड-13 से नंदलाल व रोहित और वार्ड-14 से सविता ने नामांकन भरा है। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन जमा होंगे। 27 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी जबकि 28 अप्रैल को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी की जा सकेगी। इसी दिन चुनाव चिह्न आवंटित कर मतदान केंद्रों की सूची जारी की जाएगी। मतदान 10 मई और मतगणना 13 मई को होगी। अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वे उकलाना मार्केट कमेटी के विश्राम गृह में उपलब्ध रहेंगे।