हिसार। गांव गंगवा में महाग्राम योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों में लेटलतीफी की वजह से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से गांव की अंदरूनी सड़कों और मुख्य मार्ग की खोदाई करने से आवागमन बाधित है। वहीं दिनभर उड़ती धूल ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है।
महाग्राम योजना के तहत करीब 77 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल और सीवर लाइन बिछाने के साथ-साथ वाटर टैंक, डब्ल्यूटीपी और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण प्रस्तावित है। फरवरी 2024 में शुरू हुई इस परियोजना को मार्च 2025 तक पूरा होना था लेकिन अभी अधूरा है।
दुकानदारों का कारोबार ठप
गांव के मुख्य बाजार में 100 से अधिक दुकानें हैं। महाग्राम योजना के तहत सीवर लाइन बिछाने के लिए गांव के मुख्य रोड को काफी दिनों से खोदा हुआ है। नियमानुसार ठेकेदार को दिनभर पानी का छिड़काव करना चाहिए ताकि धूल न उड़े। हालात ये हैं कि दिन भर मुख्य मार्ग पर धूल के गुबार उड़ते रहते हैं। इस वजह से दुकानों पर ग्राहकों ने आना काफी कम कर दिया है।
धूल के कारण सांस लेना तक मुश्किल
स्थानीय लोग बताते हैं दिन भर उड़ती धूल के कारण एलर्जी की शिकायत हो रही है। सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों का घर से बाहर निकलना भी बंद हो गया है। धूल के कारण सांस लेना तक मुश्किल हो रहा है।
मेरी कार वॉशिंग की दुकान है। महाग्राम योजना के तहत सीवर लाइन बिछाने के कार्य के कारण दिनभर जाम लग रहता है। इस वजह से मेरी दुकान पर ग्राहकों ने ही आना बंद कर दिया है। रोड पर धूल उड़ती रहती है जिसकी वजह से लोग गाड़ी धुलवाने नहीं आते। - महेंद्र, दुकानदार
-
मुख्य सड़क पर सीवर लाइन बिछाई जा रही है लेकिन इसकी निगरानी नहीं हो रही। कोई अधिकारी मौके पर आकर काम नहीं देख रहा है। दिनभर धूल उड़ रही है। इससे लोगों को सांस लेने में परेशानी होती है। समस्या का कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। पानी का छिड़काव किया जाना चाहिए। - संदीप गंगवा, दुकानदार
-
सीवर लाइन बिछने से सभी को फायदा होगा लेकिन अभी ठेकेदार की लापरवाही की वजह से परेशानी हो रही है। दिनभर धूल उड़ती है। इससे मुझे एलर्जी हो गई है। डॉक्टर ने मास्क पहनने व धूल से दूर करने की सलाह दी है। प्रशासन का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं आ रहा है। - बजरंग शर्मा, दुकानदार
-
धूल-मिट्टी के कारण दुकानदारों और ग्राहकों को भारी परेशानी हो रही है। इसका जल्द समाधान किया जाए क्योंकि सीवर लाइन का काम लंबे समय तक चलेगा। ठेकेदार को दिन में कई बार पानी का छिड़काव करवाना चाहिए ताकि मिट्टी न उड़े।
- सुरेश कुमार, सीएससी संचालक
-
गंगवा में महाग्राम योजना के तहत चल रहा सीवर लाइन का काम ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। कई महीनों से गांव की मुख्य सड़कें खोदी हुई हैं जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। दिनभर मशीनों के संचालन और मिट्टी की खोदाई से धूल के गुबार उठते हैं। टूटी सड़कों, कीचड़ और गड्ढों के कारण वाहन चालक व राहगीर हादसों का शिकार हो रहे हैं। धूल के कारण दुकानदारों का सामान खराब हो रहा है और ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। बुजुर्गों और बच्चों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार न तो नियमित पानी का छिड़काव करवा रहा है और न ही कार्य में अपेक्षित तेजी दिखा रहा है।