एचएयू के गिरी सेंटर में बुधवार को कुलपति प्रो. बीआर कांबोज ने दस मीटर की एयर राइफल एवं पिस्टल शूटिंग रेंज के उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह रेंज इंडोर है जिसमें सभी इलेक्ट्रॉनिक मशीनों का प्रयोग किया गया है। विश्वविद्यालय के शूटिंग खिलाड़ियों को अब अभ्यास के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, उन्हें सब सुविधाएं विवि के परिसर में ही मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि भविष्य में खिलाड़ियों की सुविधा के लिए इस रेंज में अंतरराष्ट्रीय स्तर की ऑटोमेटिक मशीनों को स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा ताकि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा सकेगा। छात्र कल्याण निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह दहिया ने बताया कि खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत 4 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण कराया गया है। एक करोड़ रुपये से विश्वविद्यालय ने गिरी सेंटर के फेस लिफ्टिंग का कार्य कराया है। विश्व एथलेटिक्स संघ ने क्लास-वन का प्रमाण-पत्र दिया है। इस मौके पर अतिरिक्त छात्र कल्याण निदेशक डॉ. सुशील, कुलसचिव डॉ. राजवीर सिंह, ओएसडी डॉ. अतुल ढींगड़ा, अतिष्ठाता डॉ. अमरजीत कालड़ा, डॉ. बिमला ढांडा, डॉ. एमएस सिद्धपुरिया, राजेंद्र ढाका आदि मौजूद रहे।