हरियाणा सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राज्य में कड़ी पाबंदियां लगा दी हैं। स्कूल, कॉलेज, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, आंगनवाड़ी केंद्र, क्रेच, पुस्तकालय, प्रशिक्षण केंद्र पूरे प्रदेश में बंद रहेंगे। ग्रुप ए में शामिल गुरुग्राम, फरीदाबाद, अंबाला, पंचकूला व सोनीपत सभी सिनेमा हॉल बंद रहेंगे, थियेटर व मल्टीप्लेक्स को पूरी तरह से बंद रखना होगा। बाकी जिलों में 50 फीसदी क्षमता के साथ खोल सकेंगे। पांच जिलों पांच बजे तक मार्केट खुलेगी।
#Omicron: Haryana Govt closes cinema halls, sports complexes, swimming pools, and entertainment parks in Gurugram, Faridabad & three other districts; govt & private offices to function with 50% staff attendance
Restrictions to remain in effect till January 12 pic.twitter.com/ILREGZgFn1
हरियाणा में कोरोना के नए मामले तेजी से बढ़ने शुरू हो गए हैं। शनिवार को कुल 552 नए मामले मिले हैं, जो पिछले 10 जून के बाद एक दिन में सबसे अधिक केस हैं। इनमें गुरुग्राम में 298 और फरीदाबाद में 107 मरीज मिले हैं। हालांकि, ओमिक्रॉन का नया कोई केस सामने नहीं आया है। कुल 63 केसों में से 40 को ठीक होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी गई है, जबकि अभी 23 केस एक्टिव हैं। वहीं, कोरोना के कुल एक्टिव केस 1907 हैं और इनमें से 1216 मरीज होम आइसोलेशन में हैं।
नए केसों की संख्या बढ़ने से संक्रमण दर भी बढ़ गई है। पहले सप्ताह पहले संक्रमण दर 1 प्रतिशत से नीचे चल रही थी, लेकिन अब यह 1.39 प्रतिशत रोजाना पहुंच गई है। कुल संक्रमण दर 5.30 फीसदी हो गई है। रिकवरी दर 98.45 प्रतिशत पहुंच गई है। मई माह में कोरोना की दूसरी लहर पीक पर जाने के बाद जून में केस कम होने लगे थे। लेकिन अब फिर से नए केसों की संख्या में वृद्धि हो रही है। पहले भी गुरुग्राम और फरीदाबाद में अधिक केसों के बाद अन्य शहरों में तेजी से संक्रमण फैला था।
जीटी बेल्ट में बढ़ रहे मामले
एनसीआर के गुरुग्राम, फरीदाबाद के साथ साथ हरियाणा के जीटी बेल्ट के जिलों में तेजी से कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। गुरुग्राम 298, फरीदाबाद 107, अंबाला 32, सोनीपत 31, पंचकूला 26, रोहतक 12, पानीपत-झज्जर 7-7, करनाल-कुरुक्षेत्र 6-6, यमुनानगर 5, नूंह 4, हिसार 3, चरखी दादरी 2, जींद-कैथल-पलवल-भिवानी-सिरसा में 1-1 नये केस मिले हैं। महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में कोई नया केस नहीं मिला है।
टीकाकरण पर जोर
अब तक प्रदेश में कुल 3.45 करोड़ वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी हैं। शनिवार को 67468 ने पहली और 118199 ने कोरोना की दूसरी खुराक ली। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द प्रदेश की पात्र आबादी को टीकाकरण से कवर किया जा सके। एनएचएम के एमडी प्रभजोत सिंह ने कहा कि टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए विभाग तमाम प्रयास रहा है।