हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के 28 फरवरी को हुए 10वीं कक्षा के पेपर लीक मामले में शुक्रवार को नया खुलासा हुआ है। हिंदी विषय का पेपर जागसी व ताजपुर के केंद्रों के अलावा बैयांपुर-लहराड़ा के केंद्र से भी लीक किया गया था। मामले में मिली शिकायत के आधार पर बोर्ड चेयरमैन वीपी यादव के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम ने केंद्र का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्र में लगाए गए सीसीटीवी की फुटेज दिखाने के लिए कहा तो परीक्षा समयावधि की फुटेज नहीं मिली।
प्रारंभिक जांच में खामियां मिलने पर बैयांपुर-लहराड़ा स्थित परीक्षा केंद्र की 10वीं कक्षा की हिंदी विषय की परीक्षा रद्द कर दी। इसके अलावा परीक्षा केंद्र अधीक्षक व पर्यवेक्षक को कार्यभार मुक्त करते हुए पर्यवेक्षक, परीक्षार्थी व प्रश्नपत्र की फोटो खींचने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया। साथ ही परीक्षा केंद्र को सोनीपत शिफ्ट कर दिया है। बोर्ड चेयरमैन ने सीसीटीवी की डीवीआर को कब्जे में लिया है, ताकि विशेषज्ञों से जांच करवाई जा सके।
शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा को नकल रहित संचालित करवाने के लिए इस बार नई तकनीक का प्रयोग किया है। जिसके तहत प्रत्येक प्रश्न पत्र पर क्यू आर कोड व यूनिक आइडी नंबर अंकित किया गया है। जिससे प्रश्न पत्र के लीक होते ही पता चल जाता है कि किस परीक्षा केंद्र से प्रश्न पत्र लीक किया गया है। 28 फरवरी को जिले में गोहाना के जागसी व मुरथल के ताजपुर स्थित परीक्षा केंद्रों से 10वीं कक्षा का हिंदी विषय का प्रश्न पत्र लीक होने की शिकायत पर पहुंची टीम ने दोनों परीक्षा केंद्रों की परीक्षा रद्द करते हुए परीक्षा केंद्र शिफ्ट कर दिए थे। 28 फरवरी को ही बैंयापुर लहराड़ा के परीक्षा केंद्र से भी प्रश्न पत्र लीक हुआ था। शुक्रवार को बोर्ड के चेयरमैन वीके यादव ने इसकी जांच करने के लिए परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया और शिक्षकों से पूछताछ की।
उन्होंने स्टाफ सदस्यों को केंद्र में लगाए गए सीसीटीवी की फुटेज दिखाने को कहा, लेकिन परीक्षा की समयावधि में सीसीटीवी फुटेज नहीं मिली। हालांकि स्टाफ सदस्यों ने बिजली नहीं होने की बात कही है। जांच में मिली खामियों के आधार पर केंद्र अधीक्षक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राई से परविंद्र, पर्यवेक्षक स्वामी दयामुनी विद्यापीठ स्कूल सोनीपत की रानी को ड्यूटी में लापरवाही के कारण कार्यभार मुक्त कर दिया गया है। परीक्षा केंद्र पर तैनात संबंधित पर्यवेक्षक, परीक्षार्थी व प्रश्नपत्र का फोटो खिंचने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
खिड़की से लीक किया गया था पेपर
बोर्ड चेयरमैन वीपी यादव ने बताया कि जांच में सामने आया है कि बैंयापुर लहराड़ा के परीक्षा केंद्र से परीक्षार्थी ने प्रश्न पत्र को खिड़की से बाहर कर फोटो खिंचवाया था। फोटो मोबाइल में खींचा गया था। फोटो लेकर पेपर लीक किया गया था। जिसकी जांच की गई है। जिसका मिलान बैयांपुर-लहराड़ा के परीक्षा केंद्र से हो रहा है। पेपर पर क्यू-आर कोड के माध्यम से यह मिलान हुआ है। जिसके आधार पर ही कार्रवाई की गई है।
चार नकलची पकड़े
बोर्ड परीक्षा के दौरान शुक्रवार को 10वीं कक्षा का शारीरिक एवं स्वास्थ्य शिक्षा, संस्कृत, उर्दू, ड्राइंग, कृषि, कंप्यूटर विज्ञान, गृह विज्ञान, संगीत और 12वीं कक्षा का कृषि व दर्शन शास्त्र का पेपर हुआ। परीक्षा के दौरान बोर्ड फ्लाइंग ने बैंयापुर-लहराड़ा स्थित परीक्षा केंद्र पर निरीक्षण किया। यहां तीन परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा और यूएमसी बनाई। वहीं खरखौदा के गांव मंडोरा स्थित परीक्षा केंद्र पर भी एक नकलची को पकड़ा है।
वर्जन
सोनीपत के गांव बैंयापुर-लहराड़ स्थित स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर 28 फरवरी को 10वीं कक्षा का हिंदी विषय का पेपर लीक होने की शिकायत मिली थी। जिसकी जांच करने के लिए शुक्रवार को केंद्र का निरीक्षण किया गया। परीक्षा केंद्र में लगे सीसीटीवी की जांच की गई तो परीक्षा समयावधि की फुटेज नहीं मिली। खामियां मिलने पर इस परीक्षा केंद्र का 10वीं कक्षा का हिंदी विषय का पेपर रद्द कर दिया गया है। साथ ही इस केंद्र को सोनीपत में शिफ्ट कर दिया है। डीवीआर की जांच करवाने के लिए कब्जे में लिया गया है। परीक्षा केंद्र अधीक्षक व पर्यवेक्षक को कार्यभार मुक्त कर दिया गया है। साथ ही पर्यवेक्षक, परीक्षार्थी व प्रश्न पत्र का फोटो खिंचने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। - वीपी यादव, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी