हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो के प्रमुख वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. अरशिंदर चावला की फेसबुक आईडी हैक होने का मामला सामने आया है। हैकरों ने उनकी फ्रेंड लिस्ट में शामिल लोगों को निशाना बनाते हुए नकली फेसबुक आईडी के जरिए मदद के नाम पर पैसे मांगने शुरू कर दिए।
विज्ञापन
पुलिस अधिकारी ने खुद दी जानकारी
मामले की जानकारी मिलने के बाद चावला ने खुद फेसबुक पर पोस्ट कर लोगों को सतर्क किया है। चावला के पास डीजी जेल की भी अतिरिक्त जिम्मेदारी है। डॉ. चावला के परिचित एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि किसी नकली फेसबुक प्रोफाइल से उनसे संपर्क किया गया और उधार के तौर पर पैसे मांगे गए। इसके बाद अधिकारी ने मामले की जानकारी सार्वजनिक करते हुए अपने संपर्क में रहने वाले लोगों को ऐसे संदेशों और पैसों की मांग से सावधान रहने को कहा।
लोगों से सतर्कता बरतने की अपील
चावला ने लोगों से अपील की कि यदि उनके नाम से किसी नए या संदिग्ध फेसबुक अकाउंट से दोस्ती का अनुरोध, संदेश अथवा आर्थिक मदद की मांग आती है तो उस पर भरोसा न करें। किसी भी तरह का भुगतान करने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे फोन पर संपर्क कर इसकी पुष्टि करें। मामले के सामने आने के बाद साइबर ठगों द्वारा सोशल मीडिया पर वरिष्ठ अधिकारियों की पहचान का दुरुपयोग कर लोगों को ठगने के तरीके को लेकर भी सतर्कता बढ़ गई है।