शहर के सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली ग्राउंड में 29 नवंबर से हस्त निर्मित उत्पादाें का मेला लगेगा। इस शीतला सरस मेले के अंतर्गत देश भर के 750 स्वयं सहायता समूहों के सदस्य 275 स्टॉल लगाएंगे। उत्तर, दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के हस्त निर्मित उत्पादाें की खरीददारी के लिए यहां सिर्फ गुड़गांव ही नहीं एनसीआर भी से खरीददार आते हैं। शीतला सरस मेला 29 नवंबर से आरंभ होकर 10 दिसंबर तक चलता रहेगा। मेले में अधिक से अधिक लोग आएं इसके लिए जिला प्रशासन अपनी तैयारी में जुट गया है।
रविवार को गुड़गांव के अतिरिक्त उपायुक्त पुष्पेन्द्र सिंह चौहान ने आयोजन स्थल का जायजा लिया। आयोजन में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहे इसे लेकर उन्होंने अधिकारियों को कई जरूरी निर्देश दिया।
शीतला सरस मेला जिला ग्रामीण विकास अभिकरण गुड़गांव और जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले स्वरोजगारियों को इस मेले के माध्यम से प्रोत्साहित किया जाता है।
लेजर वैली ग्राउंड में स्टॉल लगाने की व्यवस्था पर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। पिछले वर्ष सरस मेले में खरीददारों की भारी भीड़ उमड़ी थी। इस बार उससे अधिक खरीददारी होने की की उम्मीद की जा रही है। खरीददारी करने वालों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। वहीं बच्चाें के मनोरंजन का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा।