हरियाणा रोडवेज की बसों में 65 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को किराए में पचास फीसदी की छूट दी जाएगी। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंगलवार को वृद्धजन सम्मान समारोह के दौरान यह घोषणा की।
प्रदेश के बुजुर्गों के लिए यह सुविधा आगामी नव वर्ष 2014 की पहली जनवरी से लागू हो जाएगी। हरियाणा रोडवेज की बसों में फिलहाल यह सुविधा 60 वर्ष से अधिक की बुजुर्ग महिलाओं को ही दी जा रही है।
शहर के एनडीआरआई सभागर में आयोजित वृद्धजन सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री हुड्डा ने इसके साथ ही बुजुर्गों के लिए कई अन्य कल्याणकारी योजनाओं का भी ऐलान किया।
इनमें 55 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं में कैल्शियम की कमी दूर करने के लिए अतिरिक्त खुराक योजना, बुजुर्गोँ व स्वतंत्रता सेनानियों के लिए नई स्वास्थ्य योजना भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों के रहन-सहन, खानपान और सामाजिक सुरक्षा के लिए हिसार, सोनीपत, रोहतक और कैथल जिलों में नए वृद्धाश्रम बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारी धरोहर हैं और उनका सम्मान प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व बनता है।
मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर शुरू करने की घोषणा करते हुए इसे तुरंत लागू करने के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रधान सचिव पीके दास को निर्देश भी दिए।
इस हेल्पलाइन नंबर की मदद से बुजुर्ग अब जिला प्रशासन से सहायता प्राप्त कर सकेंगे। हुड्डा ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा वृद्धावस्था पेंशन स्कीम के तहत 13 लाख 13 हजार बुजुर्गों को एक हजार 36 करोड़ रुपये की वार्षिक पेंशन दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि पूर्व की इनेलो सरकार के दौरान 1999 से 2005 तक केवल नौ लाख बुजुर्गों को 200 रुपये पेंशन दी जाती थी, जोकि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में बढ़ाकर 500 से 700 रुपये कर दी गई है।