अदालत परिसर में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। लात-घूंसों और ईंट-पत्थरों से हुई मारपीट में चार लोग घायल हो गए। घायलों में से एक को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लाया गया। पुलिस ने चार नामजद व्यक्तियों सहित दर्जनों लोगों खिलाफ दर्ज मामला किया।
जानकारी के अनुसार, एक गांव निवासी तीन बच्चों की मां ने एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था। बृहस्पतिवार को अदालत में पीड़िता की गवाही होनी थी।
एक पक्ष महिला को गवाही देने से रोकना चाहता था, जबकि दूसरा पक्ष गवाही करवाना चाहता था। गवाही के दौरान दोनों पक्षों के लगभग 30-35 व्यक्ति न्यायिक परिसर में मौजूद थे। कुछ देर में ही दोनों पक्षों में गाली-गलौच शुरू हो गई। इसके चलते न्यायाधीश के कमरे के सामने ही मारपीट होने लगी।
मारपीट में ईंट-पत्थर भी चलाए गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे चलाए। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होती रही। न्यायिक परिसर में पर्याप्त मात्रा में पुलिस न होने के कारण दोनों पक्ष करीब 15 मिनट तक मारपीट करते रहे।
इस दौरान किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। जब पुलिस ने मारपीट पर कार्रवाई शुरू की तो लोग भाग खडे़ हुए। पुलिस आधा दर्जन लोगों को ही पकड़ पाई। जांच अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि गांव नखरौला निवासी तामील पुत्र कबीर को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया।
तामील के बयान पर पुलिस ने गांव नखरौला निवासी इरफान, फकरू, तौफीक व जमशेद सहित दर्जनों लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।