रतिया। राइस मिल संचालकों की ओर से बाहरी राज्यों से धान व चावल की खरीद की शिकायत मिलने के बाद सोमवार देर शाम को हिसार के जोनल मार्केटिंग अधिकारी श्याम सुंदर ने अपनी टीम के साथ रतिया में कई राइस मिलों पर छापेमार कार्रवाई की। यह कार्रवाई देर शाम तक भी जारी रही। इसके बाद राइस मिल मालिकों में खलबली की स्थिति बनी रही।
जोनल मार्केटिंग अधिकारी श्याम सुंदर ने बताया कि पंचकूला मुख्यालय पर लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि रतिया के कुछ राइस मिल संचालकों की ओर से बाहरी राज्यों से धान व चावल की खरीद की जा रही है। इसको देखते हुए मुख्य प्रशासक द्वारा उनके नेतृत्व में टीम का गठन किया गया और पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि टीम रतिया क्षेत्र में पहुंची है और कुछ मिल में जांच शुरू कर दी है, जो देर रात तक जारी रहेगी उन्होंने बताया कि किसी भी मिल संचालक को सरकारी नियमों की अवहेलना नहीं करने दी जाएगी और जो बाहरी क्षेत्र से चावल व धान लाकर राइस मिल में लगाते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।