फतेहाबाद। शहर के भट्टू रोड पर सिटी मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल के पास मोटरसाइकिल पर आए तीन युवकों ने व्यक्ति से पेंशन बनाने का कार्यालय पूछा और फिर बातों में उलझा अंगूठी छीनकर फरार हो गए। मामले में फतेहाबाद के अंजलि कॉलोनी निवासी उमेद सिंह की शिकायत पर पुलिस ने छीनाझपटी करने के आरोप में तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मामले के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में उमेद सिंह ने बताया कि मंगलवार को सुबह किसी काम से अपने घर से लालबत्ती चौक पर जा रहा था। जब सिटी मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल के पास पहुंचा तो एक युवक मोटरसाइकिल पर आया और उसने हेल्मेट लगा रखा। युवक ने उससे बीपीएल कार्ड व पेंशन बनाने के कार्यालय के बारे में पूछा, इसी दौरान दो और युवक आ गए तीनों लोगों ने उसे बातों में उलझा लिया और इसके बाद मोटरसाइकिल चालक उसकी अंगुली से सोने की अंगूठी छीनकर लालबत्ती चौक की तरफ भाग गया। इसके अलावा अन्य दो युवक भी मौके से भाग गए। इसके बाद उसने अपने बेटे को मामले की सूचना दी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर में पहले भी हो चुकी हैं दिनदहाड़े चोरी की वारदात
शहर में पिछले दिनों दिनदहाड़े चोरी की वारदात हो चुकी हैं। शहर की ठाकर बस्ती, सतीश कॉलोनी, अग्रवाल कॉलोनी में दिनदहाड़े चारी की वारदात हो चुकी हैं। चोर सतीश कॉलोनी, अग्रवाल कॉलोनी से सोने के जेवर तक चुराकर ले गए थे। इसके अलावा पिछले सप्ताह हुडा सेक्टर में चोर घर में हथियार लेकर घुसे और नकदी चुराकर ले गए थे। हालांकि चोरी के किसी मामले को पुलिस सुलझा नहीं पाई है।