फतेहाबाद। गांव भोड़िया खेड़ा के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्रोई ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीईओ को रजिस्टर में प्रधानाचार्य से लेकर कई शिक्षकों की हाजिरी में गड़बड़ी मिली। इसके अलावा स्कूल की कंप्यूटर और विज्ञान लैब में भी अव्यवस्था मिली।
डीईओ ने सोमवार को निरीक्षण किया था। इस संबंध में अब खंड शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर स्कूल प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए है। डीईओ द्वारा निरीक्षण को लेकर जारी की गई रिपोर्ट में बताया गया है कि 11 मार्च को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भोडिय़ा खेड़ा का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अध्यापक हाजिरी रजिस्टर में नीलम रानी प्रधानाचार्य का 5 मार्च से 7 मार्च का कॉलम खाली था और उनके सामने ही रजिस्टर में इन तीनों दिनों की प्रधानाचार्य द्वारा हाजिरी भी भर दी गई। इसके अलावा 11 मार्च 2024 की भी हाजिरी रजिस्टर में नहीं लगी हुई थी।
दूसरे अध्यापक द्वारा हाजिरी लगाने की भी आशंका
डीईओ की रिपोर्ट के मुताबिक अध्यापक हाजिरी रजिस्टर में नीलम रानी प्रधानाचार्य की 27 फरवरी 2024 से 29 फरवरी 2024 की हाजिरी में हस्ताक्षर मिस मैच थे। इन तीनों दिनों की हाजिरी भी किसी अन्य व्यक्ति द्वारा दर्ज की हुई प्रतीत हो रही है। रजिस्टर में इंदु बाला पीजीटी संस्कृत की हाजिरी नहीं लगी थी। उसका कॉलम भी खाली था। अवकाश का प्रार्थना पत्र भी नहीं था और न ही हाजिर मिली। इसके अलावा हाजिरी रजिस्टर में सोनू भ्याणा टीजीटी एसएस की हाजिरी नहीं लगी मिली और कॉलम खाली था। इनका भी अवकाश का प्रार्थना पत्र नहीं मिला और न ही स्कूल में उपस्थित थे।
-
लैब में मिली अव्यवस्था, सफाई भी नहीं
निरीक्षण के दौरान डीईओ को कंप्यूटर और विज्ञान लैब में भी अव्यवस्था मिली। यहां पर सामान अस्त-व्यस्त मिला। इसके अलावा सफाई भी नहीं की हुई थी।
-
डीईओ कार्यालय की तरफ से पत्र आया है और उसे स्कूल में भेजकर जवाब मांगा गया है। दो दिन में जवाब आने के बाद रिपोर्ट डीईओ कार्यालय को भेज दी जाएगी। फिलहाल परीक्षाओं का समय चल रहा है हाजिरी में गड़बड़ी जैसी कोई बात नहीं है।
- महेंद्र सिंह, बीईओ, फतेहाबाद
भोडिय़ा खेड़ा के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया गया था। स्कूल में निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां मिली हैं। वैसे रूटीन में स्कूलों का निरीक्षण किया जाता है।
- संगीता बिश्रोई, जिला शिक्षा अधिकारी