छात्र अध्ययन केंद्र शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते ज़िन्दगी संस्था अध्यक्ष हरदीप सिंह, मंचा
फतेहाबाद। गांव खाबड़ा में सामाजिक संस्था ज़िंदगी द्वारा ग्राम पंचायत के सहयोग से एक निशुल्क छात्र अध्ययन केंद्र की शुरुआत की गई। यह केंद्र वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय मदन लाल शर्मा की पुण्य स्मृति में स्थापित किया गया है। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश कुमार ने किया, जबकि अध्यक्षता सरपंच प्रतिनिधि बलजीत बैनीवाल ने की। संचालन संस्था अध्यक्ष हरदीप सिंह ने किया। मुख्य अतिथि सुरेश कुमार ने कहा कि यह अध्ययन केंद्र स्व. मदन लाल शर्मा के जीवन मूल्यों को आगे बढ़ाएगा और छात्रों को सिर्फ शिक्षा ही नहीं, आत्मविश्वास और दिशा भी देगा।
संस्था अध्यक्ष हरदीप सिंह व केंद्र प्रमुख दिनेश शर्मा ने बताया कि यहां आने वाले युवाओं को सरकारी नौकरियों की तैयारी के लिए मार्गदर्शन और कोचिंग मुफ्त में दी जाएगी। इसके अतिरिक्त 10वीं व 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को गणित और अंग्रेजी जैसे विषयों में विशेष सहायता दी जाएगी।
सरपंच प्रतिनिधि बलजीत बैनीवाल ने कहा कि स्व. मदनलाल शर्मा ने अपना जीवन सेवा, सादगी और सौहार्द को समर्पित किया। यह केंद्र उनके विचारों को जीवंत रखने का एक सशक्त प्रयास है। इस अवसर पर शीशपाल शर्मा, जयप्रकाश शर्मा, महेंद्र बैनीवाल, मानसिंह सहारण, राजेश शर्मा, कुलदीप शर्मा, चरणजीत खाबड़िया, अमृत शर्मा, रोहित बैनीवाल, राजेंद्र सांगा, इंद्र, हरपाल, खजान सिंह, कविता, कंचन मेम्बर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।