फतेहाबाद। जिले में इस बार मौसम रबी की फसलों के अनुसार रहा है, जिससे जिले में गेहूं की बंपर पैदावार हुई है। अनाज मंडियां और खरीद केंद्र पूरी तरह से गेहूं की फसल से अट चुकी है। इससे जिले के किसान को गेहूं की बंपर पैदावार होने से खुश है। वहीं अनाज मंडी के श्रमिक गेहूं के सीजन के लंबे समय तक जारी रहने की उम्मीद जता रहे हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार गेहूं की अब तक 16 क्विंटल आवक अधिक हुई है।
इन दिनों जिले की अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों पर गेहूं की आवक और खरीद का कार्य जोरों पर है। इसके चलते जिले में अभी तक गेहूं की कुल आवक 50,05163 क्विंटल हो चुकी है। वहीं पिछली साल अभी तक जिले में 33,27049 क्विंटल की आवक हुई थी। गेहूं की बंपर पैदावार होने से और गेहूं की कटाई के काम में तेजी होने से इस बार जिले की अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों की व्यवस्था बिगड़ गई है। इससे मंडियाें में किसानों व आढ़तियों को गेहूं की फसल रखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है। इसको लेकर किसानों ने बताया की इस बार लंबे समय तक ठंड रही है। वहीं मौसम भी फसलों के अनुकूल रहा है, जिससे गेहूं की पैदावार में बढ़ोतरी हुई है। इससे किसानों को इस बार अधिक मुनाफा हुआ है।
जिले में हुई अभी तक गेहूं की कुल खरीद
जिले में अभी तक गेहूं की कुल आवक 50,05163 क्विंटल हुई है, जिसमें से सरकारी खरीद 41,24154 क्विंटल और निजी खरीद 1,84,884 क्विंटल की हुई है। इसमें से उठान 20,66,664 क्विंटल का हुआ है। जो कि कुल खरीद का 46 फीसदी है। जिले में अब तक 26081 किसानों को 4 करोड़ 49 लाख 28 हजार रुपये की राशि का भुगतान किया जा चुका है।
20 क्विंटल प्रति एकड़ से 30 क्विंटल तक पहुंची पैदावार
गेहूं की पैदावार को लेकर जिले के किसान विजय सिंह, बलबीर, बलिंद्र, धर्मपाल, रामस्वरूप और बबलू आदि ने बताया कि पिछले वर्ष प्रति एकड़ अधिकतम 20 क्विंटल तक गेहूं की पैदावार हुई थी। लेकिन इस बार यह उत्पादन बढ़कर अधिकतम 30 क्विंटल तक पहुंच गया है। ऐसे में प्रति एकड़ 70 हजार रुपये की पैदावार हुई है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।
भूसे के नहीं मिल रहे खरीदार
इस बार गेहूं की पैदावार में जहां बढ़ोतरी हुई है। वहीं इस बार गेहूं के भूसे को भाव में कमी दर्ज हो रही है। इससे किसानों को गेहूं का भूसा के लिए खरीदार नहीं मिल पा रहे हैं। लोग कंबाइन मशीन से कटाई करवाने के बाद फसल अवशेषों में आग लगा रहे हैं। इस बार गेहूं का भूसा 250 लेकर 300 रुपये प्रति क्विंटल है। वहीं पिछले साल इसका भाव 500 से 600 रुपये प्रति क्विंटल तक था।
जिले में गेहूं की खरीद और उठान का कार्य जोरों पर है। इससे किसानों को उनकी फसल का भुगतान साथ की साथ किया जा रहा है। ऐसे में अभी करीब एक सप्ताह और खरीद कार्य चलने की उम्मीद है।
यशपाल मेहता, मार्केट कमेटी सचिव फतेहाबाद।