फतेहाबाद। फतेहाबाद क्षेत्र के एक गांव में युवती के साथ पहले दोस्ती की और फिर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाला। युवती ने मना किया तो आरोपी ने अश्लील फोटो इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी। छात्रा की आरोपी युवक के साथ करीब 9 साल पहले स्कूल में दोस्ती हुई थी। युवती ने आरोपी के खिलाफ महिला थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
मामले के मुताबिक पीड़िता ने बताया कि जब वह स्कूल में पढ़ती थी तो उसके साथ पढ़ने वाले छात्र के साथ दोस्ती हो गई। इसके बाद आरोपी उसे शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। करीब 9 साल से आरोपी उसे तंग कर रहा है। आरोपी उसकी अश्लील फोटो इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। महिला थाना प्रभारी अरूणा का कहना है कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।