फतेहाबाद। शहर के हुडा सेक्टर तीन में स्थित पॉलीक्लीनिक में आने वाले दांतों संबंधी बीमारी के मरीजों को एक्सरे के लिए नागरिक अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अब पॉलीक्लीनिक में ही दांतों के एक्सरे हो पाएंगे। पॉलीक्लीनिक की डेंटल ओपीडी में मंगलवार से डिजिटल एक्सरे की सुविधा शुरू हो गई है। डेंटल सर्जन मेजर डॉ. शरद तुली ने पहले दिन महिला मरीज के दांतों का एक्सरे किया।
डेंटल सर्जन मेजर डॉ. शरद तुली ने बताया कि पॉलीक्लीनिक में पहले दांतों के मरीजों के लिए ओपीडी की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। करीब एक साल पहले यहां पर ओपीडी शुरू हुई लेकिन मरीजों को एक्सरे करवाने के लिए नागरिक अस्पताल जाना पड़ रहा था। इस समस्या को सुलझाने के लिए सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र ने पॉलीक्लीनिक में डिजिटल एक्सरे की सुविधा उपलब्ध करवाई है।
इस मशीन की खासियत ये है कि ये मशीन हाथ से चलाई जाती है। इस पर आसानी से मरीज का एक्सरे हो सकता है। ये पूरी तरह से डिजिटल है और मात्र दो मिनट में ही रिपोर्ट मिल जाती है। दांतों के अंदर रोग की स्थिति को आसानी से देखकर मरीज का उपचार शुरू किया जा सकता है।
रोजाना होती है 20 से 25 मरीजों की ओपीडी
पॉलीक्लीनिक की ओपीडी में रोजाना दांतों के 20 से 25 मरीजों का इलाज होता है। हुडा सेक्टर, अल्फा सिटी, अशोकनगर, हरनाम सिंह कॉलोनी निवासी लोगों को पहले नागरिक अस्पताल में जाना पड़ता था लेकिन यहां ओपीडी शुरू होने से फायदा मिल रहा है।
अस्पताल में दांतों के मरीज के लिए एक्सरे सुविधा शुरू की गई है। अब एक्सरे रिपोर्ट जल्द मिलते ही मरीज का उपचार शुरू हो पाएगा। पहले मरीज को एक्सरे के लिए नागरिक अस्पताल में जाना पड़ता था। वहां से लौटने के बाद ही उपचार शुरू होता था। इससे ओरल कैंसर और मुंह की बीमारियों तक के मरीजों को लाभ होगा। - मेजर डॉ. शरद तुली, डेंटल सर्जन एवं उप सिविल सर्जन, फतेहाबाद।