बस स्टैंड से परिचालकों को हटाकर पांच रूटों पर चलाई महिला स्पेशल बसें
सुबह 7:30 बजे और दोपहर 2 बजे रूट पर जाएंगी महिला स्पेशल बसें
फतेहाबाद। परिचालकों के टोटे के बीच भी रोडवेज अधिकारी यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं। अब बस स्टैंड पर अलग-अलग ड्यूटी दे रहे पांच परिचालकों को वहां से हटाकर रूट पर लगाया गया है। इन परिचालकों को महिला स्पेशल मिनी बसों के परिचालन की जिम्मेदारी दी गई है। रोडवेज प्रशासन ने पांच रूटों पर स्पेशल महिला बस चलाई है। ये पांचों बसें सुबह 7:30 बजे और दोपहर 2 बजे अलग-अलग रूट पर भेजी जाएंगी।
गौरतलब है कि रोडवेज डिपो में परिचालकों की कमी चल रही है। 22 परिचालकों के सब इंस्पेक्टर बनने के बाद से स्थिति ज्यादा बिगड़ी हुई है।
इन रूटों पर चलेंगी महिला स्पेशल बस
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार फतेहाबाद से नागपुर, फतेहाबाद-हांसपुर, फतेहाबाद से भूथन-हसंगा, फतेहाबाद से बीघड़ व फतेहाबाद भट्टू रूट पर महिलाओं के लिए स्पेशल बसें चलाई गई हैं। इन रूटों पर पहला चक्कर सुबह 7.30 बजे लगेगा, इसके बाद दूसरा चक्कर दोपहर 2 बजे लगाया जाएगा। इसका सबसे अधिक फायदा स्कूल व कॉलेजों को जाने वाली छात्राओं को मिलेगा।
35 परिचालक चल रहे छुट्टी पर
इस समय रोडवेज में 120 परिचालक हैं, इनमें से 35 परिचालक छुट्टी पर चल रहे हैं। इनमें से कुछ परिचालक ऐसे हैं, जिनसे चार दिन ड्यूटी ली जाती है जबकि तीन दिन रेस्ट दिया जाता है। वहीं, कुछ परिचालक ऐसे भी हैं, जो शादी समारोह, पितृत्व अवकाश आदि पर चल रहे हैं। करीब 85 बसों पर मात्र 85 ही परिचालकों से काम चलाया जा रहा है।
बीघड़ से बसों पर लटककर आती थी छात्राएं
रोडवेज बसों की कमी के कारण छात्राओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। स्थिति ऐसी है कि फतेहाबाद जिला मुख्यालय से मात्र पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव बीघड़ से भी छात्राओं को रोडवेज बसों की खिड़कियों पर लटक कर सफर करना पड़ता है। इसलिए अब रोडवेज प्रशासन ने छात्राओं की मांग पर महिला स्पेशल बसों का परिचालन शुरू किया है।
पांच रूटों पर किया मिनी स्पेशल बसों का परिचालन
जिला मुख्यालय से पांच रूटों पर महिला स्पेशल मिनी बसों का परिचालन शुरू किया गया है। बस स्टैंड पर ड्यूटी दे रहे परिचालकों को इन बसों पर लगाया गया है ताकि व्यवस्था बनाई जा सके।
आरएस पूनिया, महाप्रबंधक, फतेहाबाद डिपो