फतेहाबाद। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने हरिजन कॉलोनी में शनिवार को छापा मारकर एक महिला से 24.45 ग्राम हेरोइन व 51 ग्राम अफीम बरामद की है। शहर पुलिस ने इस संबंध में महिला व उसके पति के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हरिजन कॉलोनी निवासी किशन व उसकी पत्नी नीतू हेरोइन व अफीम बेचते हैं। सूचना पाकर पुलिस ने किशन के घर पर छापा मारा तो उसकी पत्नी नीतू घर में थी और उसने एक पॉलीथिन में रखा सामान छुपा लिया। महिला पुलिस की मदद से जब उसकी तलाशी ली गई तो पॉलीथिन से 24.45 ग्राम हेरोइन व 51 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, किशन यह मादक पदार्थ खरीदकर लाता था। दोनों पति-पत्नी मिलकर इसकी सप्लाई करते थे। शहर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।