भूना। शहर के फतेहाबाद रोड स्थित बिजली घर के पास मंगलवार को मिट्टी खुदाई के दौरान हादसा हो गया। खाली जगह में मिट्टी खुदाई समय अचानक मिट्टी का तोंदा गिरने से महिला दब गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि आसपास के लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर महिला को बाहर निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
बिजली घर के पास खाली जगह में वार्ड 7 निवासी सतबीर सिंह अपनी पत्नी भतेरी देवी (41) के साथ मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए मिट्टी खोद रहे थे। रोजाना की तरह मंगलवार को भी दोनों मिट्टी लेने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी का बड़ा ढेला भतेरी देवी पर गिर गया और वह उसके नीचे दब गई।
यह देख वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पास में काम कर रहे लोगों ने बिना समय गंवाए महिला को निकालने के लिए हाथ से ही खोदाई शुरू कर दी। कुछ ही देर में भतेरी को बाहर तो निकाल लिया और वे उसे तुरंत सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका भतेरी देवी पांच बच्चों की मां थी। उसकी चार बेटियां और एक बेटा है। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य होने के कारण वह अपने पति के साथ मिट्टी के बर्तन बनाने के काम में जुटी रहती थी। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना अध्यक्ष ओम प्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसा मिट्टी का तोंदा गिरने से हुआ है। हालांकि, फिर भी जांच की जा रही है।