सरकारी अस्पताल में कार्यवाही करते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : fatehabad
फतेहाबाद-माजरा रोड पर एक टाटा एस व जीप की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में से दो को गंभीर हालत में अग्रोहा मेडिकल रेफर किया गया है। मृतका की पहचान माजरा निवासी सुरजीत कौर के रूप में हुई है। हुडा चौकी पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और मृतका सुरजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
सिटी थाने के पुलिस अधिकारी जगदीश चंद्र ने बताया कि सोमवार शाम साढ़े छह बजे के करीब सुरजीत कौर, पालोबाई, राजबाला, ओमप्रकाश व अन्य माजरा से फतेहाबाद की ओर आ रहे थे। इसी दौरान फतेहाबाद की सीमा में पहुंचते ही जैसे वो स्टेट हाईवे पर पहुंचे तो हिसार रोड से आती एक जीप से उनकी टक्कर हो गई। इसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि जीप सवार राजेंद्र भी घायल हो गया। राजेंद्र और ओमप्रकाश को गंभीर चोटों के कारण रेफर किया गया है।