फतेहाबाद। विधानसभा में उठाए गए खाल के निर्माण में गड़बड़ी करने के मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए सरकार ने भट्टूकलां के तत्कालीन बीडीपीओ को चार्जशीट कर दिया है। मामले में मनरेगा इंचार्ज एबीपीओ और जेई के खिलाफ कार्रवाई के लिए भी जिला परिषद के सीईओ को लिखा गया है।
विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया की ओर से गांव बोदीवाली में कागजों में ही खाल बनाने का मुद्दा उठाए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने इस मामले में संज्ञान लिया है। इसकी शिकायत करीब दो वर्ष पहले भी की गई थी, इस दौरान बलवान सिंह विधायक नहीं थे। अब विधायक बनने के बाद उन्होंने फिर से विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया तो कार्रवाई हुई है।
वहीं सीईओ सुरेश कुमार का कहना है कि मामले में कार्रवाई की सूचना जरूर मिल गई है लेकिन आदेशों के दस्तावेज मंगलवार तक मिलेंगे। विधायक बलवान दौलतपुरिया का आरोप है कि गांव बोदीवाली में 2022-23 में मनरेगा के तहत रास्ते व खाल को कागजों में बना हुआ दिखा दिया गया। ये खाल करीब ढाई एकड़ में बनना था जबकि धरातल पर उसका निर्माण ही नहीं हुआ था। इसकी शिकायत सबूतों के साथ दो वर्ष पहले मुख्यमंत्री को की गई थी।
यह मामला उठने के बाद अधिकारियों ने आनन-फानन में रातों-रात दो दिनों में खाल व रास्ता बनवा दिया। विधायक के अनुसार समय और तिथि अनुसार फोटो ली थी। जिसके चलते अधिकारियों की यह चालाकी काम नहीं आई। शिकायत करने के बाद भी इस दौरान सरकार की तरफ से मामले में संज्ञान नहीं लिया गया।
उन्होंने इस मामले को विधायक बनने के बाद विधानसभा में भी उठाया। जिसके बाद अब 27 अप्रैल को जब वह चंडीगढ़ गए तो उन्हें पता चला कि इस मामले में उस समय के ब्लॉक पंचायत अधिकारी, मनरेगा इंचार्ज एबीपीओ व जेई के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा गया है।
आज आएंगे आदेश
यह मामला संज्ञान में आया है। बोदीवाली गांव में मनरेगा के मामले को लेकर तीन कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है। मंगलवार को मुझे इस संबंध में आदेश मिलेगें। तभी पूरी जानकारी मिल पाएगी।
-सुरेश कुमार, सीईओ, जिला परिषद, फतेहाबाद
-
गांव बोदीवाली में खाल और सड़क के निर्माण को लेकर जो भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं, ऐसा कोई मामला नहीं है। खाल के निर्माण के दौरान शुरुआत में कुछ बाधा आई थी। लेकिन बाद में इसका निर्माण करवा दिया गया था।
-मेनपाल, सरपंच, गांव बोदीवाली।