फतेहाबाद। चार दिन की छुट्टी के बाद सरकारी अस्पतालों में सोमवार को ओपीडी खुली। विशेषज्ञों की ओपीडी में दोपहर तीन बजे भीड़ रही। सोमवार को 900 ओपीडी पंजीकरण हुए। हालांकि आम दिनों में 650 से 700 मरीजों की ओपीडी रहती है।
वहीं सिविल सर्जन कार्यालय ने सोमवार को डेंगू को बुलेटिन जारी किया है। चार दिनों में डेंगू के तीन नए केस मिले हैं। जिले में डेंगू मरीजों का आंकड़ा 62 तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक भूना, फतेहाबाद और जाखल में डेंगू का एक-एक केस मिला है। जिले में सबसे ज्यादा फतेहाबाद शहर में डेंगू के केस मिले हैं।
फतेहाबाद शहर में 21, टोहाना में 9, रतिया में 2, भूना में 7, जाखल में 5, भट्टूकलां में 7, बड़ोपल में 6 और भूथनकलां में 5 डेंगू केस मिल चुके हैं। जिले में सर्वे के दौरान 2,833 जगहों पर लारवा मिल चुका है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से रैपिड फीवर सर्वे भी शुरू किया गया है।
- खून का सैंपल देने के लिए लगी लाइन
नागरिक अस्पताल में सोमवार को चर्म रोग, टीबी रोग, कंसलटेंट, ईएनटी, डेंटल और नेत्र रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में भीड़ रही। टीबी रोग विशेषज्ञ की ओपीडी के बाहर धक्का-मुक्की के हालात रहे। अस्पताल में जांच के लिए खून का सैंपल देने के लिए दोपहर 1 बजे तक मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। वायरल केस बढ़ने के कारण चिकित्सक सीबीसी जांच करवा रहे हैं।
ओपीडी में डेंगू और वायरल बीमारी के उपचार के लिए मरीज आ रहे हैं। मौसम में बदलाव हो रहा है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। मसालेदार और ठंडे पदार्थों से परहेज करें। शरीर को पूरी तरह से ढकने वाले कपड़े डालें। अपने घरों व आसपास पानी एकत्रित न होने दें। - डॉ. अमित आहुजा, विशेषज्ञ एवं सीईओ, निजी अस्पताल।
- जिले में डेंगू को लेकर स्थिति कंट्रोल में विभाग द्वारा लगातार सर्वे करवाया जा रहा है। अगर डेंगू के लक्षण हैं तो जांच जरूर करवाएं।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम विशेषज्ञ, फतेहाबाद।