फतेहाबाद में बारिश से हुआ जलभराव।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सावन माह की पहली तारीख के बाद अब इंद्रदेव फतेहाबाद शहर पर भाद्रपद की चतुर्थी पर भी मेहरबान रहे। रविवार रात को एक बार फिर मौसम ने मिजाज बदला और शहर व आसपास के इलाकों में जमकर बारिश हुई। रात करीब सवा आठ बजे आरम्भ हुई बारिश देर रात साढ़े 10 बजे तक चलती रही।
बारिश की निरंतरता रही। कभी तेज बारिश तो कभी बूंदाबांदी होती रही। इस बारिश से जहां लोगों को भयंकर उमस व गर्मी से राहत मिली, वहीं पूरे शहर में जलभराव हो गया। शहर का जवाहर चौक और धर्मशाला रोड एक बार फिर जलभराव से घिरा दिखा। निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। इस कारण वाहनचालकों से लेकर पैदल जाने वालों तक को बड़ी परेशानी हुई।
पुलिस लाइन में मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल पर भी जलभराव हो गया। हालांकि, मुख्य मंच पर शेड बना हुआ है, लेकिन जिस खुले मैदान में विद्यार्थियों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देनी है, वहां काफी पानी भर गया है।
जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ दीपक कुमार का कहना है कि बारिश आने के साथ ही उनका पूरा सिस्टम सतर्क हो गया है। टीमें जलभराव खत्म करने में लगी हुई हैं।