फतेहाबाद। नगर निकाय कचरे के निस्तारण को लेकर खुद से पहल करने जा रहा है। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर नगर निकाय पांचों शहरों के कार्यालयों, आरटीए कार्यालय में स्वयं ही कचरे का निस्तारण करेंगे। इसके अलावा शहर फतेहाबाद में भी एक वार्ड नंबर 23 जीरो वेस्ट वार्ड में शामिल किया जा रहा है। अगर ये प्रोजेक्ट सफल रहता है तो नगर परिषद अन्य कार्यालयों में इसकी शुरुआत करेगा।
यहां से कचरे को डंपिंग प्वाइंट पर नहीं लेकर जाया जाएगा बल्कि वहीं पर ही निस्तारण किया जाएगा। अधिकारियों की माने तो नगर परिषद कार्यालय फतेहाबाद, टोहाना, नगर पालिका कार्यालय रतिया, भूना और जाखल में सूखा कचरा यानि कागज आदि को रिसाइकिल के तहत भेजा जाएगा।
इसके अलावा गीला कचरे को पिट बनाकर खाद बनाई जाएगी। ये ही प्रक्रिया आरटीए कार्यालय में होगी। इसके अलावा नगर परिषद शहर फतेहाबाद के वार्ड नंबर 23 को भी जीरो वेस्ट करेगी। इस वार्ड में मुख्य क्षेत्र मॉडल टाउन का है। नगर परिषद की टीम घरों से गीला और सूखे कचरे को अलग-अलग इकट्ठा करेगी। सूखा कचरे को रिसाइकिल के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा पपीहा पार्क में पिट बनाकर गीले कचरे की खाद बनाई जाएगी।