जिलास्तरीय आइस बैंडी प्रतियोगिता में मौजूद खिलाड़ी।
फतेहाबाद। अपेक्स स्कूल स्थित रॉयल स्केटिंग ग्राउंड में चौथी जिलास्तरीय ऑफ आइस बैंडी प्रतियोगिता यानि आइस हॉकी का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिलेभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर हरियाणा बैंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष जयभगवान, प्रमुख समाजसेवी बंसीलाल लाल व विश्वास नवशारदा स्कूल भूना से सौरभ ने भाग लिया। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों से परिचय कर उनका मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा बैंडी संघ के अध्यक्ष जयभगवान ने किया और खिलाड़ियों से खेल भावना से खेलने की अपील की। प्रतियोगिता का संचालन प्रमुख स्केटिंग कोच कृष्ण कौशिक, विशु कुमार, विकास व तेजपाल द्वारा किया गया।
हरियाणा बैंडी संघ के महासचिव प्रमोद कौशिक ने बताया कि बैंडी खेल फुटबॉल व हॉकी की तर्ज पर बर्फ पर खेला जाता है। यह खेल यूरोपीयन देशों का पसंदीदा खेल है साथ ही विंटर ओलंपिक खेलों का हिस्सा है। यह खेल रशिया का नेशनल खेल है। उन्होंने बताया कि जिलास्तरीय ऑफ आइस बैंडी प्रतियोगिता टोहाना के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरआल चैम्पियन का खिताब जीता।
उन्होंने बताया कि जिलास्तरीय प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता खिलाड़ी अब चौथी राज्यस्तरीय बैंडी प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता 11 व 12 अक्तूबर को गुरुग्राम के एम्बियंस मॉल में आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर विकास खान टोहाना, विशु भूना, विकास व आदित्य शर्मा फतेहाबाद, कृष्ण कुमार भट्टू सहित अनेक कोच मौजूद रहे।