फतेहाबाद। स्वर्णकार सभा फतेहाबाद के 17 सालों बाद प्रधान पद के लिए रविवार को मतदान हुआ। साल 2007 के बाद से प्रधान पद पर सर्वसम्मति से बनती आ रही थी। लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। कृष्ण सोनी ने अपने प्रतिद्वंद्वी संदीप सोनी को 63 वोटों से हराकर प्रधान बन गए।
परिणाम घोषित होते ही नए चुने प्रधान कृष्ण सोनी ने अपने प्रतिद्वंद्वी संदीप सोनी को गले लगाया और कहा कि प्रधान बाद में हूं और पहले भाई हूं। जिसके बाद समर्थकों ने नाचना शुरू कर दिया। वहीं प्रधान बनने पर संदीप ने कृष्ण सोनी को बधाई दी। मतगणना के दौरान एसएचओ ओमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस फोर्स तैनात रही।
रविवार सुबह 9 बजे से ही प्रधान पद के चुनाव शुरू हो गए थे, मत डालने का समय शाम 5 बजे तक रहा। इस दौरान कुल 843 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। प्रधान पद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें कृष्ण कुमार, संदीप कुमार व राधेश्याम सोनी चुनाव मैदान थे। तीसरे उम्मीदवार राधेश्याम सोनी ने संदीप कुमार को अपना समर्थन दे दिया था। जिस कारण मुकाबला सिर्फ दो उम्मीदवारों के बीच रह गया था। स्वर्णकार सभा के 966 मतदाता है। ये सभी फतेहाबाद खंड के हैं।
- एक घंटे बाद जारी हो गया परिणाम
शाम पांच बजे मतदान खत्म होने के साथ ही वोटों की गिनती की गई। स्वर्णकार सभा में 966 मतदाता रजिस्टर है। वहीं चुनाव के दौरान दो व्यक्ति ऐसे आए जिनके पास कार्ड था, लेकिन कमेटी की ओर से फर्जी होने के शक में उन्हें मतदान नहीं करने दिया गया। इसके अलावा 9 वोट रद्द कर दिए गए। प्रधान बने कृष्ण कुमार को कुल वोटाें में से 448 वोट मिले तो संदीप कुमार 385 वोट मिले। ऐसे में कृष्ण कुमार 63 वोट से विजेता घोषित हुए।
17 सालों के बाद हुए हैं चुनाव
स्वर्णकार सभा फतेहाबाद के प्रधान पद के आखिरी चुनाव साल 2007 में हुए थे। जिसके बाद लगातार प्रधान पद के लिए समाज की ओर से सर्वसम्मति बन रही थी। साल 2022 में दो सालों के सर्वसम्मति से स्वर्णकार सभा के प्रधान बने दीनानाथ सोनी ने बताया कि साल 2007 में प्रधान पद के चुनाव हुआ था। जिसके बाद स्वर्णकार समाज के प्रधान बनाने के लिए जगह निर्धारित होती और उसमें प्रधान पद के लिए सर्वसम्मति बन जाती। इस बार भी प्रधान पद के लिए सर्वसम्मति के प्रयास किया गया था।
बुजुर्गों से लिए आशीर्वाद
- शाम 5 बजे के बाद जैसे ही वोटों की गिनती शुरू हुई तो दोनों उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच तनातनी बढ़ने लगी। दोनों उम्मीदवारों के समर्थक हूटिंग करने लगे। जिसके बाद कृष्ण कुमार के समर्थक परिणाम जारी होने के 10 मिनट पहले ही नाचने लगे। जिसके बाद दोनों उम्मीदवार फिर से हूटिंग करने लगे। चुनाव का परिणाम 6 बजकर 10 मिनट पर कमेटी के सदस्यों ने घोषित किया। इसके बाद कृष्ण कुमार समाज के बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते हुए अपने चुनाव कार्यालय पहुंचे।
-
वोट डालते समय भाई ने देखने का किया प्रयास तो पुलिस ने निकाला बाहर
चुनाव प्रकिया खत्म होने से पूर्व दो भाई वोट डालने के लिए धर्मशाला में पहुंच गए थे, इस दौरान एक भाई ने दूसरे भाई का वोट कहां डाल रहा है, इसको लेकर नजर मारी, तो पुलिस ने दोनों भाइयाें को धर्मशाला से बाहर निकाल दिया। जिसके बाद धर्मशाला के बाहर दोनों उम्मीदवार के समर्थकों के बीच गलतफहमी के चलते काफी कहासुनी हो गई। जिसके बाद हंगामा होने लगा। जिसके बाद बस स्टैंड चौकी, हुडा पुलिस चौकी, डायल 112 व शहर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को तीतर बितर किया।
-
परिणाम के दौरान तैनात रहा भारी पुलिस बल
- सुबह से शाम तक चुनाव शांतिपूर्वक चल रहा था, जब चुनाव खत्म होने का समय नजदीक आया तो समर्थकों के बीच संभावित हंगामे के चलते काफी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची।